संत प्रेमानंद महाराज ने बताया कि वे अयोध्या क्याें नहीं जा सके

मथुरा। अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में वृंदावन से तमाम संत पहुंचे थे। रामलला की एक झलक पाने के लिए आज अयोध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मर्यादा पुरुषाेत्तम भगवान श्रीराम के बाल रूप को देखने के लिए सनातनी उतावले हैं और हर कोइ वहां पहुंचना चाह रहा है। मंदिर आम श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया गया है। सोशल मीडिया पर अपने प्रवचन से चर्चाओं में आए प्रेमानंद महाराज अयोध्या धाम नहीं जा सके।

प्रेमानंद महाराज बोले इसलिए नहीं गए

संत प्रेमानंद महाराज अपने प्रवचन के लिए जाने जाते हैं। अयोध्या में रामलला के दर्शन करने के लिए वे नहीं पहुंच सके। संत प्रेमानंद ने बताया कि वे क्यों नहीं जा सके। सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर उन्होंने कहा कि कुछ प्रेमीजनों ने कहा कि अयोध्या धाम में भगवान श्रीराम स्थापित हो गए हैं। आप नहीं जा सके। बाबा प्रेमानंद ने कहा कि ये हमारा दुर्भाग्य है, किडनी रोग से ग्रस्त हैं, इसलिए नहीं जा सके। श्रीधाम की निष्ठा पर दशरथ नंदन को ह्रदय से आशीर्वाद देते हैं। वे हमारे लाल हैं हम उन्हें आशीर्वाद देते हैं। हमें आशीर्वाद देने का पॉवर मिला है।

वृंदावन में है आश्रम

श्रीहित प्रेमानंद महाराज का आश्रम राधा निकुंज वृंदावन के रमणरेती मार्ग पर है। उनके देश भर में लाखों की संख्या में अनुयायी हैं। करीब डेढ़ दशक से उनकी दोनों किडनी खराब हैं, उनकी नियमित डायलिसिस होती है। करीब डेढ़ वर्ष पहले उनसे आशीर्वाद लेने के लिए क्रिकेटर विराट कोहली पत्नी अनुष्का के साथ पहुंचे थे। ये वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ, तो बड़े-बड़े लोग उनसे आशीर्वाद लेने आने लगे।

प्रेमानंद महाराज करते हैं पैदल परिक्रमा

प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए रात दो बजे ही वृंदावन के परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालु जुटने लगते हैं। वह अपने आश्रम से शिष्यों के साथ पैदल परिक्रमा को प्रतिदिन निकलते हैं, इससे पहले ही सड़कों पर उनके दर्शन के लिए सैकड़ों की संख्या में अनुयायी पहुंच जाते हैं।

सोशल मीडिया पर खूब वायरल होते हैं प्रवचन

मूलरूप से कानपुर नगर के रहने वाले प्रेमानंद जी महाराज कई वर्षों से वृंदावन में ही वास कर रहे हैं। पूर्व में वह पूरे ब्रज में घूमकर मधुकरी (भिक्षा) करते थे। मधुकरी में जो प्रसाद मिलता, उसी का सेवन करते थे। उनके प्रवचन आजकल इंटरनेट मीडिया पर खूब प्रसारित हो रहे हैं।

Related Articles

Back to top button