आदेश गायब कर अवैध निर्माण करा रहे जेई-अफसर, यूपी की राजधानी में चल रहा खेला

लखनऊ। आवासीय क्षेत्रों में बिना नक्शा स्वीकृति के अवैध व्यावसायिक निर्माण कराने वाले एलडीए के जेई और जोनल अधिकारी अब अपने ही वरिष्ठ अधिकारी के आदेश को गायब कर रहे हैं। इन आदेशों को दबाकर जेई और जोनल अफसर सीलिंग करने की जगह खुद अवैध निर्माण को पूरा करा रहे हैं। अब एक और नया मामला नक्खास के मकान में सैयद मेहंदी हुसैन के अवैध निर्माण का सामने आया है।

इस अवैध व्यावसायिक काम्प्लेक्स को सील करने का आदेश 30 दिसंबर, 2023 को दिया गया था, लेकिन जेई और जोनल अधिकारी ने इस पर अमल ही नहीं किया। वहां दिन-रात तेजी से हो रहे काम में जेई लिप्त पाए गए। विहित प्राधिकारी ने जांच में यह मामला पकड़ा और जोन-सात के प्रवर्तन अधिकारी को पत्र लिखकर आख्या मांगी है।

शहर के सातों जोन में अवैध व्यावसायिक और आवासीय निर्माण हो रहे हैं। हालांकि इन निर्माण को सील करने के आदेश को गायब करने का मामला लगातार प्रवर्तन जोन सात में पकड़ा जा रहा है। इससे पहले केजीएमयू के सामने अवैध व्यावसायिक निर्माण को सील करने का आदेश आठ फरवरी को दिया गया था।

यह आदेश भी जेई और प्रवर्तन अधिकारी के बीच गायब हो गया। जब इस अवैध निर्माण को सील करने एलडीए का दस्ता गया तो पता चला कि सीलिंग का आदेश तो अवैध निर्माण करने वाले को मिला ही नहीं है। इस पर 10 दिन का समय देकर दूसरी नोटिस जारी की गई। यह मियाद भी पूरी हो चुकी है, लेकिन अवैध निर्माण सील नहीं हुआ।

अधिकारी बोले खेद का विषय
विहित प्राधिकारी सुशील प्रताप सिंह ने जांच में मामला पकड़ में आने के बाद जोनल अधिकारी शशि भूषण पाठक को लिखा कि 30 दिसंबर 2023 को आदेश के बाद भी अवैध निर्माण सील नहीं हुआ। इसे सील कर अनुपालन आख्या आज तक नहीं दी गई। यह खेद का विषय है। विपक्षी निरंतर अवैध निर्माण करा रहे हैं।

यहां भी खुलेआम संरक्षण
जोन छह में सिविल अस्पताल के सामने अगल-बगल के दो भूखंडों पर अवैध व्यावसायिक काम्प्लेक्स मिलीभगत से बन गए। अमीनाबाद में बालाजी ज्वैलर्स के ऊपर करीब 1200 वर्गफीट में जिस अवैध निर्माण को सील किया गया था, उस निर्माण को तोड़ने की जगह सील खोलकर काम शुरू करवा दिया गया।

अमीनाबाद की मारवाड़ी गली में करीब 520 वर्गफीट क्षेत्रफल में व्यापारी राजेश अग्रवाल ने मानचित्र स्वीकृति के बिना पांच मंजिला अवैध व्यावसायिक निर्माण कर लिया है। गन्ने वाली गली में नाजनीन फातिमा के नाम पर आवासीय भूखंड पर अवैध शापिंग काम्प्लेक्स बनवाया गया। अब इसे दिखावे के लिए सील किया गया।

Related Articles

Back to top button