हड़ताल खत्म होने पर सड़क पर दौड़ी रोडवेज बसें और ट्रक, मिली लोगों को राहत

हमीरपुर : हिट एंड रन के विरोध में चल रही हड़ताल खत्म होने के बाद बुधवार की सुबह से ही सड़कों पर वाहनों की धमाचौकड़ी दिखाई दी। रोडवेज बसों से यात्री अपने गंतव्य स्थान को जाते नजर आए। वहीं अभी तक सूने पड़े हाईवे पर ट्रकों का संचालन भी होता मिला।
केंद्र सरकार के नए कानून के विरोध में सोमवार से चालकों ने रोडवेज बसों के साथ साथ ट्रकों के चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था। दो दिनों तक चली इस हड़ताल के कारण रोडवेज बसों का संचालन सही तरह से नही हो सका था। जिसके कारण यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रात में हुई वार्ता के बाद हड़ताल खत्म होने का एलान हुआ और बुधवार की सुबह से ही एक बार फिर से सारी व्यवस्थाएं पटरी पर लौट आईं। रोडवेज डिपो में सुबह से ही यात्रियों के आने का क्रम शुरू हो गया। उन्हें उनके गंतव्य स्थान को जाने वाली बसें भी मिलीं और सुगमता से वह अपना सफर तय कर सके। वहीं हाईवे पर ट्रकों का भी संचालन होता पाया गया। अभी तक जो खदाने बंद थीं वह भी संचालित हो गई और जिले में मौरंग का कारोबार शुरू हो गया। इसके साथ ही पेट्रोल पंपों में भी टैंकर आने से डीजल व पेट्रोल की कमी खत्म हो गई।

Related Articles

Back to top button