ई-खसरा पड़ताल के शुभारम्भ एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में राजस्व एवं कृषि विभाग के कार्मिकों ने प्रशिक्षण किया प्राप्त।

अमेठी। जनपद में आज रबी 2023-24 में बोयी गयी फसलों के रियल टाइम सर्वेक्षण हेतु एग्री स्टैक परियोजना के तहत जिओ-रेफरेन्स आधारित फसल की फोटो के साथ डिजिटल क्राप सर्वे कार्यक्रम ई-खसरा पड़ताल का मा0 कृषि मंत्री, सूर्य प्रताप शाही द्वारा उद्घाटन एवं कृषि निदेशालय, लखनऊ में प्रशिक्षण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। इस क्रम में मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा की अध्यक्षता में उपरोक्त कार्यक्रम की औपचारिक शुरूआत की गयी, जिसमें मुख्य विकास अधिकारी, प्रोजेक्ट आफिसर के साथ-साथ राजस्व, कृषि व पंचायतीराज विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि खेत में बोई जाने वाली फसलों की सटीक जानकारी के लिये ई-खसरा पड़ताल शुरू किया गया है, इसमें मोबाइल एप एग्री स्टैक के माध्यम से खेत में लगी फसल का सर्वे किया जाता है यह प्रक्रिया पूरी तरह से आनलाइन है और इसमें हर खेत की फसलों का विवरण दर्ज किया जाता है इसलिये इसके माध्यम से दर्ज आंकड़े सटीक होते है तथा इसकी मदद से सरकार न केवल उत्पादन का सटीक आंकलन कर पाती है बल्कि आपदा आदि में फसल की क्षति होने पर किसानों को क्षतिपूर्ति भी समय से दी जा सकती है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप निदेशक कृषि द्वारा सर्वे कार्य में लगे समस्त कर्मचारियों को खरीफ में अच्छा कार्य करने हेतु बधाई दी और रबी में समय से सर्वे कार्य पूर्ण निष्ठा एवं मनोयोग से पूर्ण करने के साथ समस्त लेखपाल को राजस्व से सम्बन्धित प्रकरणों को शीघ्रता से निस्तारण करने और सरकारी जमीन पर जो अवैध अतिक्रमण है, उसे तत्काल खाली कराने के निर्देश दिये। इस सम्बन्ध में उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 1038656 गाटों का सर्वेक्षण करते हुए उनके आच्छादन का सटीक आंकड़ा संग्रहीत किया जायेगा, जिसके लिए जनपद की चारों तहसीलों के लगभग 1000 राजस्व ग्रामों में 650 से अधिक सर्वेयर को तैनात किया जा रहा है। इस क्रम में कार्यक्रम के प्रभारी अधिकारी हरिओम मिश्र ने बताया कि समस्त सर्वेयर को इस कार्य हेतु पारिश्रमिक का प्रावधान किया गया है जिसके अन्तर्गत ऐसे गाटे जिसमें सिर्फ एक फसल/मद का सर्वेक्षण होगा, उसके लिए रू0 5 तथा एक से अधिक फसल/मद वाले गाटों के लिए रू0 10 प्रदान किये जायेंगे। उन्होंने बताया कि उपरोक्त डिजिटल क्राप सर्वे कार्यक्रम को गुणवत्तापूर्वक सम्पन्न कराने हेतु सहायक सांख्यिकीय अधिकारी भूपेन्द्र प्रताप सिंह स0वि0अ0 कृषि शशांक शेखर सिंह को जनपद स्तर पर मास्टर ट्रेनर नियुक्त करते हुए दायित्व सौंपा गया है, जिनकी निगरानी में जनपद के गाटा का सर्वे कार्य प्रारम्भ कर 15 फरवरी 2024 तक पूर्ण किया जाना है जिसे राजस्व एवं कृषि विभाग के कर्मचारियों द्वारा पूर्ण किया गया। इस क्रम में उप कृषि निदेशक ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित कर उ0प्र0 शासन एवं जिलाधिकारी की मंशानुसार कार्य को समय से पूर्ण करने का अनुरोध किया। कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी सहित जनपद स्तरीय मास्टर ट्रेनर एवं कृषि व राजस्व के अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।

Related Articles

Back to top button