उत्तरकाशी टनल हादसे में आज 11वें दिन जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन

आज 11वें दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। देश के कोने-कोने से मशीनों को एयरलिफ्ट किया गया है और उत्तरकाशी में दिन रात ड्रिलिंग का काम जारी है। उम्मीद की जा रही है बुधवार देर रात या फिर गुरूवार की सुबह टनल में फंसे 41 मजदूर बाहर आ सकते हैं।

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी सुरंग हादसे में फंसे 41 मजदूरों को निकालने के लिए जारी रेस्क्यू ऑपरेशन अब अपने आखिरी पड़ाव है। उम्मीद की जा रही है बुधवार रात या फिर गुरूवार सुबह तक मजदूरों को सही सलामत बाहर निकाल लिया जाएगा।

श्रमिकों की सकुशल वापसी के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया यज्ञ
सिलक्यारा सुरंग में फंसे श्रमिकों के सकुशल वापसी के लिए भाजपा जीएमएस मंडल कैंट विधानसभा के कार्यकर्ताओं ने लक्ष्मण चौक स्थित आर्य समाज परिसर में यज्ञ किया। इस दौरान कैंट विधायक सविता कपूर भी शामिल हुई। कहा कि सरकार श्रमिकों को सकुशल निकालने के लिए प्रयासरत है। खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पल पल की जानकारी ले रहे हैं। टपकेश्वर स्थित माता वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने श्रमिकों को सुरक्षित निकालने के लिए पूजा की।

समस्या नहीं आई तो कल सुबह तक मिलेगी बड़ी खबर: महमूद अहमद
उत्तरकाशी।
अपर सचिव तकनीकी, सड़क एवं परिवहन महमूद अहमद ने कहा कि अगर कोई बड़ी घटना नहीं होती तो जल्द ही अच्छी खबर आ सकती है। उन्होंने कहा कि अगर कोई रुकावट नहीं आई तो आज रात या कल सुबह कोई बड़ी खबर मिल सकती है। मलबे के साथ एक लोहे की रॉड भी आई है. खुशी की बात है कि ये लोहा पाइपलाइन बिछाने के बीच में हमारे लिए कोई समस्या पैदा नहीं हुई।

शुरू हो गई है ड्रिलिंग: कमांडर विवेक श्रीवास्तव
उत्तरकाशी। 36 बीआरओ के कमांडर विवेक श्रीवास्तव का कहना है कि मशीनरी सिल्क्यारा छोर के अंत पर पहुंच गई है और वहां ड्रिलिंग शुरू हो गई है। बड़कोट छोर पर काम आज से शुरू होगा”

सिलक्यारा पहुंचे करन महारा, ली रेस्क्यू की जानकारी
उत्तरकाशी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन महारा सिलक्यारा पहुंचे। सिलक्यारा में उन्होंने 41 श्रमिकों को बचाने के लिए चल रहे रेस्क्यू अभियान को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली।

अगले 15 घंटे होंगे अहम: विशेष कार्याधिकारी भास्कर खुल्बे
उत्तरकाशी। सिलक्यारा में राहत एवं बचाव कार्यों के निरीक्षण को पहुंचे भास्कर खुल्बे ने उम्मीद से भरे संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि अगले 15 घंटे अहम होंगे। इस कमेंट के निहितार्थ यह निकाले जा रहे हैं कि इस अवधि में श्रमिकों तक एस्केप टनल पहुंचाकर उन्हें सकुशल निकाल लिया जाएगा। फिलहाल ऑगर से 39 मीटर की ड्रिलिंग पूरी होने की बात कही जा रही है।

पीएम मोदी ने ली रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी: सीएम धामी
उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया की पीएम मोदी ने मामले पर जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने आज फोन पर बात कर सिलक्यारा, उत्तरकाशी में निर्माणाधीन टनल में फंसे श्रमिकों के लिए भोजन, दवाइयां, अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति एवं उन्हें सकुशल बाहर निकालने हेतु चल रहे बचाव कार्यों की जानकारी ली।

प्रधानमंत्री के पूर्व सलाहकार और ओएसडी भास्कर खुल्बे पहुंचे
उत्तरकाशी। सिलक्यारा सुरंग में फंसे श्रमिकों को निकालने को चल रहे रेस्क्यू अभियान तेजी आई है। सुरंग में गतिविधियां भी बढ़ गई है। प्रधानमंत्री के पूर्व सलाहकार एवं चारधाम परियोजना के ओएसडी भास्कर खुल्बे भी पहुंच गए हैं। बस पर खुल्बे और जिलाधिकारी अभिषेक रुहेला सुरंग के अंदर खोज बचाओ अभियान का निरीक्षण के लिए गए हैं।

एलएंडटी के सुरक्षा प्रमुख निगेल ने कहा कि जल्द ही मिलेगी सफलता
उत्तरकाशी। एलएंडटी के सुरक्षा प्रमुख निगेल ने कहा कि मौजूदा स्थिति यह है कि वे एक तरफ से ड्रिलिंग कर रहे हैं। यह बहुत अच्छा चल रहा है। उम्मीद है, वे सुरंग तोड़ने जा रहे हैं। ऐसा लगता है कि जल्द ही हमें रेस्क्यू ऑपरेशन में सफलता मिलेगी। हम माइक्रो-टनलिंग में भी सहायता कर रहे हैं।

जल्द ही आएगी रेस्क्यू की एक अच्छी खबर: इंजीनियर नाईजेल
उत्तरकाशी। आरवीएनएल की कंसलटेंसी एजेंसी के इंजीनियर नाईजेल ने कहा कि ऑगर मशीन से रेस्क्यू काम चल रहा है। इंजीनियरिंग समय लेती है। बिना हड़बड़ी किए तेजी से काम करना होता है। इसलिए जल्द ही रेस्क्यू की एक अच्छी खबर मिल जाएगी। पूरी टीम लगी हुई है औगर मशीन से ड्रिलिंग में कुछ रुकावट आती है तो अन्य विकल्पों पर भी तेजी से कम होगा।

आज रात या कल सुबह बाहर आ सकते हैं मजदूर
उत्तरकाशी। चारधाम आलवेदर रोड की यमुनोत्री मार्ग पर बन रही सिलक्यारा सुरंग में भूस्खलन के बाद 12 नवंबर की सुबह से फंसे 41 श्रमिकों को आज देर रात या कल सुबह तक निकाले जाने की उम्मीद जग गई है। श्रमिकों को निकालने के लिए चल रहा रेस्क्यू अभियान युद्ध स्तर पर जारी है। औगर मशीन से 800 एमएम व्यास के पाइपों को मलबे के भीतर से आर-पार भेजने का कार्य लगातार जारी है। बुधवार सुबह 10 बजे तक 34 मीटर पाइप जा चुका है, जबकि कुल 60 मीटर लंबा पाइप ड्रिल किया जाना है।

घटनास्थल पर खड़ी कर दी गई है एंबुलेंस
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी टनल हादसे में फंसे 41 मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। फिलहाल ये अभियान आखिरी पड़ाव पर है। घटना स्थल पर एंबुलेंस भी तैनात कर दी गई हैं। जल्द ही मजदूरों को बाहर निकाल लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button