मणिपुर के विष्णुपुर जिले में फिर से फायरिंग

इंफाल। मणिपुर में बुधवार को फिर से गोलीबारी शुरू होने की खबर सामने आई। पुलिस ने बताया कि मणिपुर के कुंबी विधानसभा क्षेत्र के चार लोग लापता हो गए हैं। उन्होंने कहा कि ये लोग बिष्णुपुर और चुराचांदपुर जिलों से सटे पहाड़ी इलाकों में लकड़ी इकट्ठा करने गए थे, जिसके बाद से लापता हैं।

लापता लोगों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारी ने कहा कि लापता लोगों के बारे में अभी तक जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस ने बताया कि उन चारों लोगों की पहचान दारा सिंह, इबोम्चा सिंह, रोमेन सिंह और आनंद सिंह के रूप में की गई है।

सूत्रों ने बताया कि हो सकता है उन्हें हथियारबंद लोगों ने बंदी बना लिए हो। उन्होंने कहा कि लापता लोगों को ढूंढने के लिए केंद्रीय बलों से मदद मांगी गई है।

हमले के बाद लोग गांव छोड़कर भागे
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इसी बीच हथियारबंद लोगों ने बिष्णुपुर जिले के हाओतक गांव में फिर से हमले किए। उन्होंने कहा कि हमले के बाद 100 से अधिक लोग इलाके छोड़कर भाग गए।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और जवाबी कार्रवाई की। हालांकि, अभी भी रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

Related Articles

Back to top button