राज्यसभा चुनाव: तीन राज्यों की 15 सीटों पर आज वोटिंग, शाम तक आएंगे नतीजे

नई दिल्ली। राज्यसभा की 15 सीटों के लिए वोटिंग शुरू हो गई है। इनमें उत्तर प्रदेश की 10, कर्नाटक की चार व हिमाचल की एक सीट के लिए मतदान हो रहा है। इससे पहले राज्यसभा की 41 सीटों के लिए सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।

बता दें कि उत्तर प्रदेश कोटे की 10 सीटों के लिए कुल 11 प्रत्याशी मैदान में है, जिनमें से आठ भाजपा और तीन सपा के हैं। चुनाव परिणाम देर रात तक आने की संभावना है।

कर्नाटक में राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग शुरू
कर्नाटक में राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो गई है, बेंगलुरु के एक मतदान केंद्र पर मतदान की तैयारियां की गई हैं।

सपा नेता ने जताया क्रॉस वोटिंग का डर
समाजवादी पार्टी नेता राजेन्द्र चौधरी ने राज्यसभा चुनाव पर कहा, चुनाव निष्पक्ष होना चाहिए, सत्ता का दुरुपयोग जो लोग करेंगे वे लोकतंत्र के हितैषी नहीं है। अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े नेता हैं, जो भी धोखा देगा वह अपनों को धोखा देगा।

कॉस वोटिंग पर क्या बोले अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने राज्यसभा चुनाव पर कहा, “हमें उम्मीद है कि सपा के तीनों प्रत्याशी जीतेंगे, जो दूसरों के लिए काटा बोते हैं या गड्ढे खोदते हैं वे खुद ही उसमें गिरते हैं। भाजपा चुनाव जीतने के लिए कुछ भी कर सकती है, जिन्हें कुछ लाभ मिलना होगा वे भाजपा की तरफ चले जाएंगे।

बोले शिवपाल यादव
राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की अटकलों पर समाजवादी पार्टी महासचिव शिवपाल यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वे लोग समाजवादी पार्टी के चुनाव चिह्न पर जीते थे। अगर ऐसा होता है तो आगे हमें भी देखना पड़ेगा।

कर्नाटक में क्रॉस वोटिंग का डर
कर्नाटक राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग का डर सता रहा है। डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार पोलिंग एजेंट बनेंगे। साथ ही क्रॉस वोटिंग पर नजर रखेंगे।

हर्ष वर्धन चौहान ने चौहान ने BJP पर लगाया आरोप
राज्यसभा चुनाव पर हिमाचल प्रदेश के मंत्री हर्ष वर्धन चौहान ने जयराम ठाकुर पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर क्या कहते हैं, उससे हमें कोई लेना-देना नहीं है। यह बीजेपी की हताशा है क्योंकि विधायकों की संख्या भाजपा के पक्ष में नहीं है। 40 विधायक कांग्रेस के साथ हैं और 3 निर्दलीय हैं। भाजपा के पास केवल 25 विधायक हैं। बिना संख्या के भी भाजपा अपना उम्मीदवार खड़ा कर रही है, जिसका मतलब है कि वे खरीद-फरोख्त की योजना बना रहे हैं।

भाजपा ने दिलचस्प बनाया मुकाबला
भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस छोड़कर आए पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री आरपीएन सिंह, अपने वरिष्ठ राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी, मथुरा के पूर्व सांसद चौधरी तेजवीर सिंह, योगी सरकार के पहले कार्यकाल में राज्य मंत्री रहीं डॉ.संगीता बलवंत, चंदौली की मुगलसराय सीट की पूर्व विधायक साधना सिंह, प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य और आगरा के पूर्व महापौर नवीन जैन का नामांकन कराया था। सपा ने राज्यसभा सदस्य जया बच्चन, पूर्व सांसद रामजी लाल सुमन और प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन को उम्मीदवार बनाया है। नामांकन के आखिरी दिन राज्यसभा के पूर्व सदस्य रहे बिल्डर संजय सेठ को आठवें प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतार कर भाजपा ने चुनाव को दिलचस्प बना दिया है।

यूपी में कॉस वोटिंग के आसार
राज्यसभा चुनाव में यूपी विधानसभा के सदस्य विधान भवन परिसर स्थित तिलक हाल में मतदान करेंगे। मतदान की अवधि सुबह नौ से शाम चार बजे तक होगी। चुनाव परिणाम देर रात तक आने की संभावना है। भाजपा को अपने आठवें और सपा को तीसरे प्रत्याशी को जिताने के लिए अतिरिक्त मतों की आवश्यकता होगी। इससे चुनाव में क्रॉस वोटिंग के प्रबल आसार हैं।

15 राज्यसभा सीटों के लिए मतदान आज
देश के तीन राज्यों की 15 राज्यसभा सीटों के लिए आज चुनाव होने हैं। इनमें उत्तर प्रदेश की 10, कर्नाटक की 4 और हिमाचल प्रदेश की एक सीट पर वोटिंग होगी।

Related Articles

Back to top button