राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर साधा निशाना

विशाखापत्तनम। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि भाजपा सिर्फ उत्तर केंद्रित पार्टी नहीं है और उत्तर-दक्षिण के बीच रेखा विपक्ष ने संकीर्ण राजनीतिक लाभ के लिए खींची है। उन्होंने कहा कि पार्टी को बदनाम करने के ऐसे प्रयास राष्ट्रीय अखंडता पर सवालिया निशान लगाते हैं।

आंध्र प्रदेश में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलनों में राजनाथ ने कहा, भाजपा विभिन्न राज्यों की सत्ता में रही है जिनमें दक्षिणी राज्य कर्नाटक शामिल है। अक्सर आरोप लगाया जाता है कि भाजपा सिर्फ उत्तर भारत की पार्टी है या भाजपा सिर्फ हिंदी पट्टी की पार्टी है, लेकिन भाजपा ने असम में दो बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई है। असम हिंदी पट्टी का राज्य नहीं है।

अपनी पार्टी के बारे में ये कहा 

पार्टी राजस्थान और गुजरात जैसे पश्चिमी राज्यों में लगभग तीन-चार दशकों से प्रभावी उपस्थिति दर्ज करा रही है और पिछले लोकसभा चुनावों में पश्चिम भारत में उसे अधिकतम सीटें प्राप्त हुई थीं। वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा, ‘गुजरात में 30 वर्षों से हमारी सरकार है। कर्नाटक में लंबे समय तक हमारी सरकार रही। वर्तमान में हम बंगाल, ओडिशा व कर्नाटक में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी हैं।

आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु व केरल में हमारा मत प्रतिशत लगातार बढ़ रहा है। इसलिए यह कहना तथ्यात्मक रूप से बिल्कुल गलत है कि भाजपा सिर्फ उत्तर भारतीयों की पार्टी है।’ राजनाथ ने कहा, ‘दक्षिण भारत की समृद्धता के आंकड़े दिखाकर हमारे विपक्ष के सहयोगी कई बार उत्तर व दक्षिण भारतीयों के बीच विद्वेष दिखाने का प्रयास करते हैं।’

भाजपा है दुनिया की सबसे बड़ी पंथनिरपेक्ष पार्टी- राजनाथ

उन्होंने कहा कि उत्तर व दक्षिण भारत में कुछ विभिन्न ढांचागत मुद्दे हैं और हमारे प्रयास दोनों को साथ लाकर कुछ अच्छा और बढ़ा करने का होना चाहिए। हमारा प्रयास दोनों को और ज्यादा जोड़ने का होना चाहिए, न कि दोनों को भाषा एवं समृद्धता के नाम पर तोड़ने का। रक्षा मंत्री ने कहा, ‘कुछ लोग भाजपा पर सांप्रदायिक पार्टी होने का आरोप लगाते हैं, जबकि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पंथनिरपेक्ष पार्टी है। पांच अरब देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित कर चुके हैं।

राजनाथ ने आगे कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की विश्वसनीयता बढ़ी है और भारत अब कमजोर देश नहीं है। यह अब दुनिया में एक ताकतवर देश बन गया है। अब अगर कोई भारत को आंख दिखाएगा तो उसे जवाब देने में देश पीछे नहीं रहेगा। अब कई देशों के राष्ट्र प्रमुख भी मानते हैं कि 21वीं सदी भारत की होने जा रही है।

पीएम मोदी की सरहाना की

राजनाथ ने कहा, ‘विदेश में प्रधानमंत्री मोदी की इतनी साख है कि कतर में मौत की सजा पाए आठ पूर्व नौसेना अधिकारियों को माफ कर दिया गया और उनमें से एक विशाखापत्तनम से है।’ राजनाथ ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण और वंशवाद की जननी है। जबकि भाजपा ने इस देश की राजनीति में विश्वसनीयता के संकट को खत्म किया है।

सीएए पर ये बोले राजनाथ

उन्होंने कहा, ‘हम जो कहते हैं, वो करते हैं। हमने अनुच्छेद-370 को खत्म करने का वादा किया था और हमने किया। हमने तत्काल तीन तलाक की कुप्रथा को खत्म करने का वादा किया था, हमने वह भी किया। हमने समान नागरिक संहिता के बारे बात की। आज उत्तराखंड की भाजपा सरकार इसे लागू कर चुकी है।’ राजनाथ ने भाजपा और अन्य दलों द्वारा शासित राज्यों के बीच अंतर के बारे में भी बात की।

Related Articles

Back to top button