राजनाथ सिंह ने लगातार दूसरी बार रक्षा मंत्री का कार्यभार संभाला

– रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने राजनाथ सिंह मुलाकात की

नई दिल्ली। लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने गुरुवार को लगातार दूसरी बार रक्षा मंत्रालय का कार्यभार संभाल लिया है। 2019 से 2024 तक के सफल कार्यकाल के बाद उन्हें लगातार दूसरी बार रक्षा मंत्रालय सौंपा गया है। पिछली सरकार में राजनाथ सिंह ने 01 जून, 2019 को पहली बार रक्षा मंत्रालय का कार्यभार संभाला था।

उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेता राजनाथ सिंह का जन्म 10 जुलाई, 1951 को उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में हुआ था। उन्होंने गोरखपुर विश्वविद्यालय से भौतिकी में स्नातकोत्तर किया। वे पेशे से शिक्षक रहे हैं। वे 1977-1980 और 2001-2003 तक उत्तर प्रदेश विधान सभा के सदस्य रहे। वे 1991-1992 में उत्तर प्रदेश सरकार में शिक्षा मंत्री रहे। 1999 से 2000 तक वे केंद्रीय मंत्रिमंडल में भूतल परिवहन मंत्री रहे।

बाद में 2000-2002 तक वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। 2003 में उन्होंने केंद्रीय मंत्रिमंडल में कृषि मंत्री के रूप में अपनी सेवा दी। वे 1994-1999 और 2003-2008 तक दो बार राज्यसभा के लिए चुने गए। 2009 में वे 15वीं लोकसभा के लिए चुने गए। उन्होंने 07 अक्टूबर, 2009 को आचार समिति के सदस्य के रूप में भी कार्य किया। राजनाथ सिंह को 27 मई, 2014 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में गृह मंत्री के रूप में केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया गया।

कार्यभार ग्रहण करते ही राजनाथ सिंह से रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने मुलाकात की। झारखंड के रांची से सांसद संजय सेठ ने बुधवार को ही रक्षा मंत्रालय में राज्य मंत्री का पदभार संभाल लिया है। संजय सेठ 2019 में पहली बार रांची से सांसद बने और वे सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी स्थायी समिति के सदस्य रहे हैं। 2024 में भी वे रांची से ही लोकसभा के लिए चुने गए।

Related Articles

Back to top button