पंचतत्व में विलीन हुए राजमंगल यादव

शवयात्रा में उमड़ा जन सैलाब, गैर दलों के नेता भी हुए शामिल

बलिया। समाजवादी पार्टी के दिवंगत जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव की शवयात्रा सोमवार को प्रातः उनके पैतृक गांव बिशुकिया से निकली। इस दौरान हजारों संख्या में लोग शवयात्रा में शामिल हुए। शव यात्रा सिविल लाइन स्थित सपा कार्यालय तक पहुंचने से पहले रास्ते में परसिया, मिड्ढा, निधरिया गांव में लोग अपने प्रिय नेता के अंतिम दर्शन हेतु खड़े रहे। सबकी आंखें नम थी।


शवयात्रा नगर में प्रवेश करते ही लोगों की अपार भीड़ बढ़ गई। गगनभेदी नारों से लोग राजमंगल यादव को याद कर रहे थे। फिर शवयात्रा नगर के जिला पंचायत कार्यालय परिसर पहुंचा, जहां जिला पंचायत अध्यक्ष आनन्द चौधरी सहित विभागीय लोगों ने पुष्पचक्र अर्पित लिया। तत्पश्चात टीडी कालेज परिसर में छात्रसंघ परिवार के लोगों ने छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री को भावभीनी श्रद्धासुमन अर्पित किया।

समाजवादी पार्टी के झंडे में लिपटे जिलाध्यक्ष का पार्थिव शरीर एक खुली गाड़ी पर रखा था। जिसपर समाजवादी पार्टी के समस्त वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।पूर्वांचल के लगभग सभी जनपदों से समाजवादी पार्टी के नेता साथ साथ चल रहे थे। इसके बाद महावीर घाट पर अंत्येष्टि हुई। मुखाग्नि उनके पुत्र रजनीश यादव ने दिया। इस दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी, विधायक जियाऊदिन रिजवी, विधायक संग्राम सिंह यादव, विधायक जयप्रकाश अंचल, बिहार राजद के विधायक शंभू चौधरी, पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी, राष्ट्रीय सचिव राजीव राय, युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द गिरी, पूर्व सांसद रामाशंकर विद्यार्थी, सनातन पाण्डेय, राम इकबाल सिंह, तारकेश्वर मिश्र, सुशील पाण्डेय कान्हजी, श्याम बहादुर सिंह, भुवनेश्वर चौधरी, यशपाल सिंह, डा.विश्राम यादव, महेंद्र चौहान, संजय उपाध्यय, लक्ष्मण गुप्ता, राणा प्रताप सिंह, आद्या शंकर यादव, अकमल नईम खां, शशिकांत चतुर्वेदी, राजन कनौजिया, अनिल राय, रामजी गुप्ता, बंशीधर यादव, नीरज सिंह गुड्डू, जलालुदीन जेडी, मिंटू खा, भीष्म यादव, श्रीभगवान वर्मा, मदन राय,शकील अहमद, जुबेर सोनू मौजूद रहे।

इनसेट….
कुशल व्यक्तित्व के धनी थे राजमंगल यादव: दयाशंकर
बलिया। सपा के जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव के अंतिम संस्कार में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह पहुंच कर शोक व्यक्त किया। इस दौरान परिवहन मंत्री ने दिवंगत राजमंगल यादव के परिजनों को सांत्वना दिया और ढांढस बंधाया। कहा कि स्व. राजमंगल यादव कुशल व्यक्तित्व के धनी थे और उनके निधन से सभी मर्माहत हैं। आज पक्ष-विपक्ष सभी उनके परिजनों के साथ खड़ा है।

इनसेट…
हमने अपना भाई खो दिया: अवलेश सिंह
बलिया। प्रदेश की राजधानी से लेकर बलिया महावीर घाट तक शव यात्रा में साथ—साथ रहे जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष अवलेश सिंह ने नम आंखों से कहा कि मैंने अपना भाई खो दिया। नेता तो कोई भी बन सकता है, लेकिन राजमंगल जैसे व्यक्तित्व का नहीं। मेरी संवेदना शोकाकुल परिवार के साथ हैं। परिवार के लोग जब भी मुझे याद करेंगे, मैं हर घड़ी उसे परिवार के साथ खड़ा रहूंगा।

Related Articles

Back to top button