बिहार में राजग 34 और इंडी गठबंधन छह सीटों पर आगे

पटना। बिहार में लोकसभा चुनाव-2024 की मतगणना में सभी 40 सीटों के रुझान सामने आ गए हैं। इनमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) लगातार बढ़त बनाए हुए है। बिहार में दोपहर एक बजे तक 40 सीटों में 34 पर राजग गठबंधन आगे चल रहा है जबकि इंडी गठबंधन 06 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

निर्वाचन आयोग के मुताबिक भाजपा 13, जदयू 15, लोजपा (आर) 05 और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा एक सीट पर बढ़त बनाए हुए है। दूसरी ओर विपक्षी इंडी गठबंधन में राजद 03, कांग्रेस 01 सीट और सीपीआईएमएल 02 सीट पर आगे चल रही है।

लोकसभा क्षेत्रवार बात करें तो बक्सर में भाजपा कभी आगे तो कभी पीछे चल रही है। बक्सर में राजद पांच वोटों से आगे निकली लेकिन थोड़ी देर बाद भाजपा फिर आगे निकल गई। मुंगेर से जदयू उम्मीदवार राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह 54 हजार मतों से आगे हैं। पटना साहिब से भाजपा के रविशंकर प्रसाद 62,118 जबकि पाटलिपुत्र से राजद की मीसा भारती 37,891 मतों से आगे चल रहे हैं। सिवान लोकसभा सीट से जदयू उम्मीदवार विजयलक्ष्मी 4,563 मतों से आगे हैं। बेगूसराय से भाजपा के गिरिराज सिंह करीब 12 हजार मतों से आगे हैं।

कराकाट में भाकपा माले के राजा राम सिंह एनडीए के उपेंद्र कुशवाहा से 25,921 मतों से आगे हैं। गोपालगंज में जदयू के डॉ आलोक कुमार सुमन 50,799 वोटों से आगे हैं। जहानाबाद में राजद के सुरेंद्र यादव 36,425 वोटों से आगे हैं। सारण में रोहिणी आचार्य पीछे चल रही हैं। सिवान से निर्दलीय उम्मीदवार हीना शहाब फिर पीछे हो गईं हैं। यहां जदयू उम्मीदवार आगे हैं। गया में एनडीए प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी 63,641 मतों से आगे हैं। उजियारपुर में नित्यानंद राय 21,916 वोटों से आगे हो गए हैं।

शिवहर लोकसभा सीट पर लवली आनंद 17 हजार 20 मतों से आगे चल रही हैं। सुपौल में जदयू के दिलेश्वर कामत 53,561 वोटों से आगे हैं। नवादा में भाजपा के विवेक ठाकुर 17,077 मतों से आगे चल रहे हैं। सीतामढ़ी लोकसभा सीट से राजद के अर्जुन राय जदयू के देवेश चंद्र ठाकुर से 1,118 मतों से आगे हैं।

Related Articles

Back to top button