बारिश और बर्फबारी ने उत्तर भारत में कराया ठंड का अहसास…

देश के कई राज्यों में हो रही बारिश और पहाड़ी राज्यों में सीजन की पहली बर्फबारी से ठंड का अहसास होने लगा है। बीते दिन राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में हुई बारिश और तेज हवाओं के कारण सुबह और शाम में हल्की ठंड का अहसास होना शुरू हो गया है। हलांकि दिनभर शुष्क मौसम का दौर देखने को मिल रहा है।

बुधवार की बात करें तो दिल्ली सहित ज्यादातर इलाकों में मौसम साफ रहा, धूप निकली हालांकि तमिलनाडु, केरल और मध्य प्रदेश में भारी बारिश हुई। आज गुरुवार की बात करें तो मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना है। वहीं मुंबई के मौसम की बात करें तो मुंबई चक्रवात के अलर्ट पर है! भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अरब सागर में विकसित होने वाले संभावित चक्रवाती तूफान के कारण महाराष्ट्र शहर में मौसम परिवर्तन होने को लेकर चेतावनी जारी की है।

आईएमडी ने कहा है कि अरब सागर के दक्षिण-पूर्व में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जो अगले दो-तीन दिनों में ‘तेज’ चक्रवात में बदल सकता है। चक्रवात के कारण मुंबई, गोवा, पुणे एवं आसपास के क्षेत्रों में तेज हवा के साथ वर्षा हो सकती है।

कई जगहों पर हुई हल्की से मध्यम बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल, तमिलनाडु, हरियाणा के कुछ हिस्सों, मध्य प्रदेश और कोंकण और गोवा में हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं, जम्मू-कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हुई। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़, तटीय कर्नाटक, सिक्किम, असम और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई।

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली के तापमान में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। जहां बीते दिन हुई बारिश के कारण चार डिग्री तक तापमान में गिरावट देखी गई थी वहीं एक बार फिर बुधवार को तापमान बढ़ा है लेकिन मौसम में ठंडक बरकरार है। दिल्ली के तापमान में बुधवार को चार डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 30.7 डिग्री पर पहुंच गया।

वहीं राजधानी दिल्ली को लेकर मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि 22 अक्तूबर को कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है। इसके अलावा न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी जा सकती है। आईएमडी के अनुसार दिल्ली में अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री रहने की संभावना है।

बिहार और पंजाब में लोगों को हल्की ठंड का होने लगा एहसास
पटना समेत पूरे बिहार का मौसम आमतौर पर शुष्क बने रहने की संभावना है। राज्य के अधिसंख्य भागों में सुबह के समय कोहरे का प्रभाव देखा जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों बाद पटना समेत प्रदेश के तापमान में गिरावट की संभावना है। पटना में लोगों को सुबह-शाम की हल्की ठंड का अहसास होगा। वहीं पंजाब के मौसम की बात करें तो पंजाब में सुबह-शाम की ठंड महसूस की जा रही है। पंजाब के अधिकतर जिलों में धूप निकलने से दिन का तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है।

पहाड़ी राज्यों पर बर्फबारी से बढ़ी ठंड
हिमाचल प्रदेश में इस सीजन की पहली बर्फबारी कई क्षेत्रों में देखी जा रही है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सर्दियों का सीजन लंबा चल सकता है।

वहीं बात करें जम्मू के मौसम का तो मौसम विभाग के अनुसार ऊपरी इलाकों में बर्फबारी के कारण सर्दी की स्थिति बनी रहेगी लेकिन मुख्य रूप से मौसम शुष्क और “गर्म” रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि 22-23 अक्टूबर तक घाटी में आमतौर पर बादल छाए रहने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button