हाथरस में राहुल गांधी का रोड शो, यातायात में डायवर्जन…

हाथरस। कांग्रेस के राहुल गांधी व प्रियंका गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर पहले अलीगढ़ आएगी, उसके बाद हाथरस पहुंचेगी। यात्रा हाथरस जिले में सासनी, हाथरस और सादाबाद में जाएगी। जहां पर राहुल गांधी का रोड शो होगा। वहां के बाद आगरा के लिए प्रस्थान करेगी।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और सांसद व कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी अपनी छोटी जीप में होंगे। उनके साथ कार्यकर्ता भी होंगे। सबसे पहले वह सासनी पहुंचेगे। यहां शहीद पार्क सासनी पर उनका स्वागत होगा। इसके बाद वह शहीद भगत सिंह पार्क आगरा रोड पर पहुचेंगे। यहां से दोनों नेता चौ. चरण सिंह पार्क सादाबाद पहुचेंगे। चौ. चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद बेदई सादाबाद में मध्याहन भोजन होगा। वहां से यात्रा आगरा के लिए प्रस्थान करेगी।

ये रहेंगे स्वागत केंद्र
पहला स्वागत केंद्र -शहीद पार्क, बस अड्डा, सासनी।
दूसरा स्वागत केंद्र -शहीद भगत सिंह पार्क, आगरा रोड, हाथरस।
तीसरा स्वागत केंद्र -चौधरी चरण सिंह पार्क, सादाबाद।

राहुल की यात्रा के लिए हाथरस पुलिस महकमे द्वारा सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद की गई है। यात्रा के पूरे मार्ग को छह सेक्टर में बांटा गया है। इन सेक्टर निरीक्षक स्तर के अधिकारी को प्रभारी नामित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर को दो-दो सब सेक्टर्स में बांटा गया है, जिसके प्रभारी स्थानीय थाने के उप निरीक्षक रहेंगे। संपूर्ण मार्ग में रूफटॉप ड्यूटी व यातायात व्यवस्था की दृष्टि से प्रत्येक कट पर ड्यूटी लगाई गई है, जिससे किसी भी प्रकार के वाहन के अतिक्रमण के प्रयास को रोका जा सके। इस दौरान पांच सीओ, पांच एसएचओ, 16 निरीक्षक, 85 उपनिरीक्षक, 375 मुख्य आरक्षी, दो प्लाटू पीएसी तैनात किए गए हैं।

शहर में रूट रहेगा डायवर्ट
राहुल गांधी की यात्रा को लेकर यातायात डायवर्ट किया गया है। शहर में सुबह आठ बजे से यात्रा की समाप्ति तक भारी व हल्के वाहनों का आवागमन बंद है। जिस समय यात्रा हाथरस शहर में प्रवेश करेगी तो अलीगढ से आने वाले भारी वाहन रूहेरी कट तिराहे से बाईपास होते हुए आगरा को प्रस्थान करेंगे। शहर में यात्रा के दौरान मथुरा से आने वाले वाहनों को हतीसा पुल पर रोक दिया जाएगा। कासगंज की तरफ से आने वाले वाहनों को कैलोरा चौराहे पर रोक दिया जाएगा। आगरा से आने वाले वाहनों को नगला भुस से आलीगढ रोड बाईपास से निकाला जाएगा।

Related Articles

Back to top button