राहुल गांधी करेंगे ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का आगाज़, आज से जलपाईगुड़ी व सिलीगुड़ी से होगी शुरूवात…

कोलकाता। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में निकल रही कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा दो दिन के ब्रेक के बाद आज फिर से शुरू होगी। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले से भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आगा होगा।

14 जनवरी को शुरू हुई थी यात्रा
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, 14 जनवरी को मणिपुर से इस यात्रा की शुरुआत हुई थी। इस यात्रा ने नगालैंड, अरूणाचल प्रदेश और असम से होते हुए गुरुवार सुबह पश्चिम बंगाल में प्रवेश किया था। हालांकि, बंगाल पहुंचने के बाद भारत जोड़ो न्याय यात्रा को ब्रेक दिया गया और राहुल गांधी नई दिल्ली लौट आए थे।

सभा को संबोधित करेंगे राहुल गांधी
जलपाईगुड़ी के पीडब्ल्यूडी मोड़ से आज दोपहर 2:00 बजे यह यात्रा शुरू होगी जो जलपाईगुड़ी के विभिन्न इलाकों से होते हुए सिलीगुड़ी पहुंचेगी। सिलीगुड़ी में थाना मोड़ से एयर व्यू मोड़ तक राहुल गांधी पदयात्रा करेंगे और फिर वहां जनसभा करेंगे। हालांकि, जनसभा की प्रशासनिक अनुमति नहीं है। उसके बाद फिर अपनी यात्रा बस से वह आगे उत्तर दिनाजपुर जिला के सोनापुर के लिए बढ़ जाएंगे। वहीं, शिविर में वह आज रात्रि विश्राम करेंगे।

आज से फिर शुरू होगी कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा
कांग्रेस नेता सुवंकर सरकार ने बताया कि राहुल गांधी आज सुबह 11:30 बजे सिलीगुड़ी के बागडोगरा हवाई अड्डे पहुंचेंगे। इसके बाद वह जलपाईगुड़ी जाएंगे, जहां से यात्रा फिर से शुरू होगी। उन्होंने कहा कि यात्रा बस और पैदल दोनों तरह से आगे बढ़ेगी और रात को सिलीगुड़ी के पास रुकेगी।

1 फरवरी को बंगाल से आगे के लिए रवाना होगी यात्रा
सुवंकर सरकार ने बताया कि सोमवार को यह यात्रा बिहार में प्रवेश करने से पहले उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर की ओर जाएगी। इसके बाद ये यात्रा 31 जनवरी को मालदा के रास्ते पश्चिम बंगाल में फिर से प्रवेश करेगी और मुर्शिदाबाद से यात्रा करने के बाद 1 फरवरी को राज्य से आगे रवाना होगी।

मल्लिकार्जुन खरगे ने ममता बनर्जी को लिखा था पत्र
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखा था। उन्होंने यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया था कि राज्य में यात्रा सुचारू रूप से आयोजित हो। इससे पहले कांग्रेस ने पहले आरोप लगाया था कि जलपाईगुड़ी में राहुल गांधी की तस्वीर वाले कुछ बैनर तोड़ दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button