राहुल गांधी और के.एल शर्मा की होगी ऐतिहासिक जीत : धनंजय

एनसीपी प्रदेश अध्यक्ष ने बताया अप्रत्याशित जीत की ओर बढ़ रहा इंडिया

बाराबंकी। लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अमेठी और रायबरेली सीट पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा करके सियासी गलियारे में हलचल मचा दी है। जिन दो सीटों को लेकर पूरा देश चर्चा कर रहा था, वहां से कांग्रेस ने बड़ा खेल खेला है। शुक्रवार को रायबरेली से राहुल गांधी को उतारा गया, वहीं अमेठी से स्मृति ईरानी के सामने के एल शर्मा को उम्मीदवार बनाया गया। दोनों प्रत्याशियों ने शुक्रवार को अपना नामांकन दाखिल किया। इसके बाद सियासी पारा और ज्यादा चढ़ गया। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरद पवार गुट के प्रदेश अध्यक्ष धनंजय शर्मा ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में कहा कि इंडिया गठबंधन ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रहा है। जनता का भरोसा खो चुकी भारतीय जनता पार्टी अपनी हार का ठीकरा नरेंद्र मोदी की गलत नीतियों पर फोड़ने जा रही है। उन्होंने दावा किया कि रायबरेली में राहुल गांधी और अमेठी में किशोरी लाल शर्मा लाखों की बढ़त के साथ ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे। वहीं उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन अप्रत्याशित परिणाम के साथ केंद्र में सरकार बनाने जा रही है। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के साथ साथ समाजवादी पार्टी जीत के नए कीर्तिमान बनाएगी। श्री शर्मा ने कहा कि इंडिया गठबंधन के प्रमुख घटक दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरद चंद्र पावर के नेतृत्व में एनसीपी के कार्यकर्ता भाजपा की जनविरोधी नीतियों को बताएंगे और इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने में सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में गरीबों, युवाओं, महिलाओं और वृद्धजनों का शोषण किया है। आमजन महंगाई, बेरोजगारी और नारी सुरक्षा के सवाल पर इंडिया गठबंधन के साथ लामबंद है। भाजपा को सबक सिखाने के लिए जनता खुद चुनाव का नेतृत्व कर रही है।

Related Articles

Back to top button