प्रियंका गांधी ने कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में अलवर में किया रोड़ शो

अलवर। अखिल भारतीय कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को अलवर लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी ललित यादव के समर्थन में रोड शो किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राजस्थान प्रभारी सुखविंदर रंधावा, पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित अन्य नेता शामिल थे।

अलवर शहर में कंपनी बाग के सामने शहीद स्मारक से रोड शो शुरू हुआ। रोड शो के दौरान खुली गाड़ी में सभी नेता सवार थे। प्रियंका ने हाथ हिलाकर भीड़ का अभिवादन किया। इस दौरान लोगों ने अपनी समस्याएं भी कागज पर लिखकर प्रियंका गांधी के पास पहुंचाई। उन समस्याओं को गांधी के अलावा गहलोत ने भी पढा।

कार्यकर्ता चले रथ के साथ

रोड शो में अलवर लोकसभा क्षेत्र की आठ विधानसभा सीटों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल हुए। बड़ी संख्या में वे रथ के साथ चल रहे थे। रोड शो में विधानसभा वार कांग्रेस के विधायक, पूर्व एमएलए और युवा नेताओं ने प्रियंका गांधी से चुनावी रथ में आकर मुलाकात भी की।

शहर के कंपनी बाग में स्थित शहीद स्मारक से रोड शो मन्नी का बड़, चर्च रोड, होप सर्कस, कलाकंद मार्केट, घंटाघर, काशीराम चौराहा से गुजरता हुआ रोड नंबर 2 पर समाप्त हुआ। इसके बाद प्रियंका गांधी बांदीकुई में जनसभा के लिए कार से रवाना हो गईं।

Related Articles

Back to top button