राष्ट्रपति भवन में होगा मोदी मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजों में एनडीए को स्पष्ट बहुमत मिला और अब वह सरकार बनाने के लिए तैयार है। सरकार गठन की लगभग सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और आज यानी 9 जून की शाम नरेन्द्र मोदी अपने मंत्रिमंडल के साथ शपथ ग्रहण करेंगे।

इससे पहले शुक्रवार को सरकार एनडीए संसदीय दल की बैठक में नरेन्द्र मोदी को सर्वसम्मति से गठबंधन दल का नेता चुन लिया गया। उसके बाद नरेंद्र मोदी ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं सहयोगी दलों के प्रमुखों के साथ मिलकर राष्ट्रपति के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया।

राष्ट्रपति भवन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिपरिषद के अन्य सदस्य आज यानी 09 जून 2024 को शाम 7.15 बजे राष्ट्रपति भवन में पद और गोपनीयता की शपथ ले रहे हैं। उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शपथ दिलाएंगी।

2019 में किस समय पर हुई थी शपथ
इससे पहले साल 2019 में भी मोदी कैबिनेट ने शाम के समय ही शपथ ली थी। भाजपा ने 2019 में अपने दम पर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था और एनडीए सरकार बनी थी। तब भारत में पहली बार गैर कांग्रेसी सरकार लगातार दूसरी बार चुनकर आई थी। 2019 में नरेंद्र मोदी ने 30 मई को शाम 7 बजे शपथ ली थी। पिछला शपथ ग्रहण भी राष्ट्रपति भवन में ही हुआ था। तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उन्हें शपथ दिलाई थी।

2014 में पहली बार बनी थी सरकार
साल 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ऐतिहासिक जीत हासिल की थी। तब 30 सालों बाद किसी पार्टी ने अपने दम पर बहुमत हासिल किया था। नरेन्द्र मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। तब उनके शपथ लेने का समय शाम 6 बजे निर्धारित था। उन्होंने शाम 6:13 बजे पद एवं गोपनीयता की शपथ ली थी। राष्ट्रपति भवन में उन्हें तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की ओर से शपथ दिलाई गई थी।

Related Articles

Back to top button