राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज पहली बार पहुंच रही रामनगरी

अयोध्या। लोकतंत्र के चल रहे उत्सव के बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को पहली बार रामनगरी पहुंच रही हैं। यहां उनका करीब चार घंटे का प्रवास पूरी तरह आध्यात्मिक होगा। राष्ट्रपति अपने दौरे का अधिकांश समय श्रीराम मंदिर में व्यतीत करेंगी। राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर राम मंदिर परिसर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उनकी सुरक्षा को लेकर भी व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

राष्ट्रपति रामलला का दर्शन करने के साथ आराध्य की आरती भी उतारेंगी। इसके बाद वह भगवान शिव का भी आशीर्वाद लेंगी। मंदिर परिसर में विराजमान भगवान शिव का पूजन करेंगी।

पीएम मोदी ने किया था शिवलिंग का पूजन-अर्चन
प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी यहां विराजमान शिवलिंग का पूजन-अर्चन किया था। यह शिव मंदिर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण की ओर से संरक्षित स्मारक कुबेर टीला पर स्थित है। अयोध्या का इतिहास विवेचित करने वाले ग्रंथ रुद्रयामल के अनुसार युगों पूर्व यहां धन के देवता कुबेर का आगमन हुआ था। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि के निकट ही ऊंचे टीले पर शिवलिंग की स्थापना की थी, जिन्हें कुबेरेश्वर महादेव कहा जाता है।

सरयू आरती के बाद जाएंगी रामलला के दरबार
राष्ट्रपति बजरंगबली से अनुमति लेकर रामलला के दर्शन को जाएंगी। वह बुधवार शाम 4.10 बजे वायुसेना के विमान से महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पहुंचेंगी।

आकाश अंबानी ने कल किए रामलला के दर्शन
रिलायंस इंडस्ट्रीज के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के सदस्य आकाश अंबानी मंगलवार को विशेष विमान से अयोध्या पहुंचे और रामलला का दर्शन-पूजन किया। मंदिर परिसर में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय ने ट्रस्ट के सदस्य डा. अनिल मिश्र, मंदिर निर्माण के प्रभारी गोपाल आदि सहित अनेक सहयोगियों के साथ उनका स्वागत किया। रामलला के दर्शन-पूजन के बाद वह लखनऊ रवाना हो गए। मुंबई इंडियंस के स्वामित्व से जुड़े आकाश मंगलवार शाम आईपीएल का मैच देखने लखनऊ पहुंचे थे।

Related Articles

Back to top button