उत्तराखंड में कांग्रेस की जीत की संभावनाएं मजबूत करने की हो रही तैयारी…

देहरादून। उत्तराखंड के बहाने कांग्रेस लोकसभा चुनाव में भाजपा के विरुद्ध हुंकार भरने जा रही है। यहां जीत की संभावनाओं को मजूबती देने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे रविवार को पहुंच रहे हैं। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का उत्तराखंड में पड़ाव भले ही नहीं रखा गया, लेकिन पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का दौरा तय किया है।

इसे समान नागरिक संहिता को लेकर भाजपा के संभावित दांव की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उत्तराखंड उन प्रदेशों में सम्मिलित है, जहां कांग्रेस लोकसभा चुनाव में अपनी जीत की संभावना को अपेक्षाकृत अधिक आंक रही है। यद्यपि, पिछले लगातार दो लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के हाथ एक भी सीट नहीं लगी है। वर्ष 2009 में पार्टी ने सभी पांचों सीट पर कब्जा जमाया था। पार्टी इसी खो चुके जनाधार को पाने के लिए प्रयासरत है।

चुनावी मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच रहा
अलग उत्तराखंड राज्य बनने के बाद से ही चुनावी मुकाबला मुख्य रूप से दोनों राष्ट्रीय दलों भाजपा और कांग्रेस के बीच रहा है। भाजपा की केंद्रीय राजनीति और केंद्र की सत्ता में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आने के बाद प्रदेश में कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ी हैं। अब होने जा रहे लगातार तीसरे लोकसभा चुनाव में भी भाजपा की स्थिति मजबूत को कांग्रेस अपने लिए चुनौती के रूप में देख रही है।

भाजपा उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू करने का संकल्प व्यक्त कर चुकी है। वर्ष 2022 में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने समान नागरिक संहिता लागू करने के वायदे के रूप में जो दांव खेला था, उसका लाभ पार्टी को मिला है। अब लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के इस अस्त्र से कांग्रेस के खेमे में बेचैनी देखी जा रही है।

मल्लिकार्जुन खरगे का पहला उत्तराखंड दौरा
प्रदेश में प्रमुख प्रतिपक्षी पार्टी समान नागरिक संहिता पर खुलकर बोलने से बच रही है, लेकिन पार्टी नेता भाजपा के दांव की काट के लिए समाज के विभिन्न वर्गों अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के मुद्दे उठाने की रणनीति को मुफीद मान रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को अनुसूचित जाति के बड़े नेताओं में शुमार किया जाता है।

कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष पद संभालने के बाद मल्लिकार्जुन खरगे का यह पहला उत्तराखंड दौरा होगा। खरगे दोपहर 12.30 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वह चौपर से रेसकोर्स स्थित पुलिस लाइन पहुंचेंगे। वहां से वह समीप स्थित बन्नू स्कूल के मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

खरगे के लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंकने से ठीक पहले पार्टी ने देहरादून में स्क्रीनिंग कमेटी और फिर मेनीफेस्टो कमेटी की बैठकें भी बुलाईं। इन बैठकों के केंद्र में खरगे के कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति रही। साथ ही पार्टी को चुनाव की तैयारी के लिए चाक-चौबंद रहने का संदेश भी दिया गया।

Related Articles

Back to top button