सपाइयों की सूचना पर पुलिस एवं एलआईयू ने बस्ती में खंगाले संदिग्ध

हमीरपुर : सुमेरपुर स्थित नवीन गल्ला मंडी में बनाए गए स्ट्रांग रूमों की सुरक्षा में लगे अर्धसैनिक बल के जवान पूरी तरह से मुस्तैद हैं। लेकिन सपाइयों को मंडी के पीछे बस्ती से ईवीएम हैक करने की शंका होने पर रात में ही प्रत्याशी को सूचित किया। प्रत्याशी की सूचना पर प्रशासन ने रात में ही संदिग्धों को खोजने का प्रयास किया। लेकिन कुछ खास हाथ नहीं लगा।

प्रशासन व सुरक्षा बलों के साथ सपाई पूरी रात मंडी में मौजूद रहकर ईवीएम के स्ट्रांगरूमों की निगरानी कर रहे हैं। शनिवार की रात सपाइयों को किसी ने सूचना दे दी कि मंडी के बाउंड्रीवाल के पीछे आबाद बस्ती में एक मकान में आधा दर्जन युवक कंप्यूटर व लैपटॉप से ईवीएम को हैक कर रहे हैं। इससे सपाइयों में खलबली मच गई। सपा जिलाध्यक्ष इदरीश खान व प्रदेश कार्य समिति के सदस्य नंदकिशोर शिवहरे ने घटनाक्रम से प्रत्याशी अजेन्द्र सिंह लोधी को अवगत कराया। प्रत्याशी ने रात में ही प्रशासन को अवगत कराया। अधिकारियों के निर्देश पर रात में ही एलआईयू के साथ पुलिस को सक्रिय किया गया। पुलिस एवं एलआईयू ने रात में ही गल्ला मंडी के पीछे की बस्ती को खंगाला। लेकिन कुछ भी संदिग्ध हाथ नहीं लगा है। पुलिस ने सपाईयों से अफवाहों पर ध्यान न देने के लिए आगाह किया। इसके बाद सपाई अभी भी सशंकित है कि ईवीएम से छेड़छाड़ की जा सकती है। जबकि प्रशासन ने स्ट्रांगरूमों की सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। यहां परिंदा भी पर नहीं मार सकता है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि यह सिर्फ अफवाह है। मंडी के चारों तरफ पहले से ही पुलिस सुरक्षा बल लगा हुआ है।

Related Articles

Back to top button