सद्भावना दिवस पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई शपथ

गोपेश्वर । सद्भावना दिवस के मौके पर शुक्रवार को जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सांप्रदायिक सौहार्द की शपथ दिलायी गई। चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर में अपर जिलाधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों को सभी धर्मों, भाषाओं और क्षेत्रों के लोगों में राष्ट्रीय एकीकरण और साम्प्रदायिक सौहार्द लाते हुए हिंसा को समाप्त करने एवं लोगों में सद्भावना का संवर्धन करने की शपथ दिलाई। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि हम सबको एक टीम भावना से आगे बढ़ना है और कभी भी हिंसा का सहारा नहीं लेना है। उन्होंने कहा कि एकता और सद्भाव से ही कार्यशैली में सुधार आता है। पुलिस कार्यालय गोपेश्वर में पुलिस उपाधीक्षक प्रमोद शाह और पुलिस लाइन गोपेश्वर में पुलिस उपाधीक्षक ऑपरेशन नताशा सिहं ने सद्भावना दिवस कार्यक्रम में मौजूद पुलिस अधिकारी, कर्मचारीगण को सभी धर्मों, भाषाओं और राष्ट्रीय एकीकरण और साम्प्रदायिक सौहार्द से संबंधित सद्भावना की शपथ दिलाई। चमोली पुलिस की ओर से जिले के सभी थानों, फायर स्टेशन एवं शाखाओं में सद्भावना दिवस मनाते हुए कर्मचारियों को शपथ दिलाई गयी। विकासखंड पोखरी में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी का जन्मदिवस को सद्भावना दिवस के रूप में मनाया गया। सद्भावना दिवस के मौके पर पोखरी ब्लाक में खंड विकास अधिकारी पन्नालाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी सद्भावना का संवर्धन करने की शपथ दिलाई।

Related Articles

Back to top button