रोडवेज बस स्टैंड में लगा यात्रियों का मेला, गंगा स्नान जाने को नहीं मिली बसें

हमीरपुर : गंगा स्नान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को बसें न मिलने के कारण खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जिसके कारण देर रात तक लोग बस स्टैंड पर बैठे रहे। कई महिलाएं मासूम बच्चों को गोद लिए बस का इंतजार करती नजर आईं।
रविवार को गंगा दशहरा था। हमीरपुर समेत आसपास क्षेत्र के लोग इस पर्व के चलते कानपुर गंगा स्नान के लिए जाते हैं। शनिवार की शाम से ही हमीरपुर स्थित रोडवेज बस स्टैंड में यात्रियों की भीड़ लगना शुरु हो गई थी। रात में आलम यह था कि डिपो परिसर में सैकड़ों की संख्या में यात्री मौजूद थे लेकिन उन्हें ले जाने के लिए बसें नहीं थीं। ऐसा नही था कि बसें डिपो परिसर में न हों। बसें होने के बाद भी उनका संचालन नहीं किया गया। लिहाजा यात्रियों को परेशानियों से जूझना पड़ा और देररात तक यात्री कानपुर व लखनऊ जाने वाली बसों के इंतजार में खड़े रहे। इस संबंध में रोडवेज के एआरएम आरपी साहू ने बताया कि हमीरपुर डिपो की बसें सात बजे के बाद कानपुर के लिए नही जाती हैं। महोबा और राठ डिपो की बसों का संचालन होता है। इसके बाद भी उनके द्वारा कुछेक बसें भेजकर यात्रियों को ले जाने का काम किया गया। ताकि कोई परेशानी न हो।

Related Articles

Back to top button