उत्तर भारत में ठंड से राहत के आसार नहीं, दिल्ली में कड़ाके की सर्दी बरकरार

नई दिल्ली। उत्तर भारत में मौसम ठंडा बना हुआ है। पहाड़ों पर हिमपात होने के कारण तापमान जमाव बिंदू से नीचे बना हुआ है। वहीं, दिल्ली और आसपास के मैदानी क्षेत्रों में आकाश साफ होने के बावजूद धूप नहीं निकल पा रही है। पिछले कई दिनों से यह स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार जमीन से 100 से 150 मीटर की ऊंचाई पर कोहरा होने से सूरज की किरण ठीक से धरती तक नहीं पहुंच पा रही है। इस वजह से कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है।

दिल्ली में अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। रविवार सुबह मध्यम से घने स्तर का कोहरा होगा। दिन में आसमान साफ रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इस वजह से सोमवार से बुधवार तक तीन दिन आकाश में बादल छाए रह सकते हैं। कई जगह हल्की वर्षा हो सकती है।

मौसम विभाग के क्षेत्रीय निदेशक कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि पंजाब से पूर्वी उत्तर प्रदेश तक जमीन से 100 से 150 मीटर की ऊंचाई पर कोहरे की चादर बनी हुई है। इस वजह से तेज धूप नहीं निकल पा रही है। वर्ष 2019 में दिसंबर में लगातार 18 दिन दिल्ली में धूप नहीं निकली थी।

दो दिन घने कोहरे की गिरफ्त में रहेंगे 55 जिले
उत्तर प्रदेश में रविवार और सोमवार को लखनऊ समेत 55 जिलों में घना कोहरा छाये रहने का अनुमान लगाया है। दो दिन सूर्य देव दोपहर बाद बादलों की ओट से दर्शन देंगे। इस दौरान रात का तापमान 12 तो दिन का 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं। शनिवार को लखनऊ और पास के जिलों में बूंदाबांदी हुई। नौ जनवरी को राजधानी का मौसम एक बार फिर बदलेगा और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

उत्तराखंड में मौसम शुष्क, कोहरे से मिल सकती राहत
उत्तराखंड के मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ तक मौसम ठंडा बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आने वाले दो दिनों में उत्तराखंड का मौसम शुष्क बना रहेगा। रविवार से मैदानी जनपद हरिद्वार और उधमसिंह नगर में घने कोहरे से कुछ राहत मिलने के आसार हैं। सुबह एवं शाम को कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि आने वाले चार दिनों में भी ठंड के कम होने की संभावना नहीं है।

हिमाचल में चली शीत लहर
हिमाचल प्रदेश में शीतलहर चल रही है। दिन में धूप खिलने से कुछ राहत मिल रही है, लेकिन सूरज ढलते ही हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। अभी दो दिन मंडी, कांगड़ा, ऊना, बिलासपुर, सोलन व सिरमौर जिला के कई क्षेत्रों में धुंध छाने का यलो अलर्ट जारी किया है। धुंध के कारण यातायात सेवाओं के प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार नौ से 11 जनवरी तक प्रदेश में हिमपात और वर्षा होने की संभावना है। प्रदेश में न्यूनतम के साथ अधिकतम तापमान में गिरावट जारी है। सात स्थानों पर तापमान जमाव ¨बदु से नीचे दर्ज किया जा रहा है।

गुलमर्ग से भी ठंडा रहा श्रीनगर
जम्मू-कश्मीर में शुष्क मौसम और चिल्लेकलां के बीच कश्मीर में भीषण ठंड का प्रकोप जारी है। शनिवार को श्रीनगर समेत कश्मीर के कई हिस्सों में तापमान न केवल जमाव ¨बदू से नीचे बना रहा बल्कि बीते दिनों की तुलना में और अधिक गिरावट आ गई। श्रीनगर न्यूनतम तापमान -5.4 डिग्री के साथ गुलमर्ग से भी ज्यादा ठंडा रहा। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान -4.5 डिग्री रिकार्ड किया गया। जम्मू में भी न्यूनतम तापमान तेजी से गिर रहा है। यहां का अधिकतम तापमान 12.2 डिग्री और न्यूनतम 4.1 डिग्री दर्ज किया।

Related Articles

Back to top button