मुंबई के एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन को उड़ाने की धमकी देने वाला पकड़ा

हाथरस। मुंबई के एयरपोर्ट, छत्रपति शिवाजी टर्मिनस (सीएसटी) और ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। युवक के वाट्सएप नंबर से धमकी दी गई थी।

सीओ आशीष कुमार सिंह के अनुसार, जिस वाट्सएप नंबर से धमकी दी गई थी वह सिकंदराराऊ के रत्नेश के नाम है। इस संबंध में एटीएस मुंबई ने यहां सूचना दी थी। बताया कि कुछ लोगों को वाट्सएप पर मराठी भाषा में संदेश भेजा गया। उसमें पूरी मुंबई को उड़ा देने की बात लिखी थी।
मुंबई के एयरपोर्ट, ताज होटल और छत्रपति शिवाजी टर्मिनस में बम लगा है। यह सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस में खलबली मच गई। ट्रेस करने पर नंबर रत्नेश का पाया गया। इसे मंगलवार को गांव से ही हिरासत में लिया गया।

आसपास के लोगों ने बताया कि रत्नेश मुंबई में रहकर मजदूरी करता था। फिलहाल गांव में है। इस संबंध में मुंबई पुलिस को सूचना दे दी गई है। जल्द ही मुंबई पुलिस यहां आकर युवक से पूछताछ करेगी।

Related Articles

Back to top button