मेरी हार के जिम्मेदार हैं राज्यमंत्री व बलिया के जिलाध्यक्ष: रविन्दर कुशवाहा

सलेमपुर। सलेमपुर लोक सभा सीट पर भाजपा से लगातार दो बार जीत दर्ज करने वाले निवर्तमान सांसद रविन्दर कुशवाहा ने अपनी हार का जिम्मेदार बलिया के जिलाध्यक्ष संजय यादव व राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम को बताया है। इस तरह का आरोप-प्रत्यारोप इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। जिसकी क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है।

इंटरनेट मीडिया में चल रहे आरोप में कुशवाहा ने अपनी ही पार्टी के अंदर भीतरघात की बात कही है। जिसमें बलिया के जिलाध्यक्ष संजय यादव और उनकी पूरी टीम पर आरोप लगाया हैं। जिसमें उन्होंने कहा है कि प्रत्याशियों को हराने के पीछे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कमजोर करने की साजिश रची गई।

जिलाध्यक्ष को हटाने की मांग
उन्होंने कहा कि ऐसे भीतरघात करने वाले जिलाध्यक्ष को तुरंत पद से हटा देना चाहिए। ये समाजवादी पार्टी के एजेंट हैं। वह एक एक विशेष वर्ग के लिए काम कर रहे हैं। वे शुरू से ही मेरे खिलाफ कार्यकर्ताओं को भड़काने का कार्य कर रहे हैं।

राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम पर आरोप लगाते हुए कहा है कि वे एक दिन भी प्रचार करने के लिए सलेमपुर नहीं निकली और अपने लोगों को लगाकर सुनियोजित तरीके से मेरा विरोध कराया। उन्होंने कहा कि महज 3500 वोट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी से वह चुनाव हार गए। इसके जिम्मेदार जिलाध्यक्ष संजय यादव व राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम हैं।

ओपी राजभर पर भी साधा निशाना
उन्होंने ओम प्रकाश राजभर पर भी प्रहार करते हुए कहा है कि उनके लड़के अरविंद राजभर का एक लाख, सत्तर हजार वोट से हारना यह दर्शाता है कि उनका उनके समाज से पकड़ खत्म हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश संगठन की टीम बलिया आ रही है। वह पूरी बात टीम को बताएंगे कि हार की असली वजह क्या थी।

कुशवाहा ने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव मुद्दा विहीन चुनाव हुआ और इस चुनाव में कोई मुददा नहीं बन पाया, यही कमी रह गई और उत्तर प्रदेश में इसलिए ऐसा खराब परिणाम आया। उधर, बलिया जिले के भाजपा जिलाध्यक्ष संजय यादव का पक्ष जानने के लिए मोबाइल फोन के जरिए संपर्क करने की कोशिश की गई। तीन बार लगातार पूरी रिंग बजती रही, लेकिन किसी ने रिसीव नहीं किया।

निवर्तमान सांसद रविन्दर कुशवाहा के आरोप पर मैं कोई टिप्पणी नहीं करूंगी। जीत -हार की समीक्षा केंद्रीय टीम कर रही है। वह खुद ही पता करेगी कि हार किस वजह से हुई है। -विजय लक्ष्मी गौतम, राज्य मंत्री

Related Articles

Back to top button