पीएचसी सुमेरपुर में हुई डाक्टरों के बीच मारपीट, वीडियो वायरल

हमीरपुर : सुमेरपुर कस्बे के नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दो डाक्टरों के मध्य जंग का अखाड़ा बन गया। एक सीनियर डाक्टर ने जूनियर को कई थप्पड़ रसीद कर दिये। इसमें चीफ फार्मासिस्ट ने अहम भूमिका अदा की। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया में चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस ने इस विवाद को आपसी विवाद बताकर स्वतः हल करने का दावा किया है। वहीं पीटने व पिटने वाले डॉक्टर ने किसी भी विवाद से इनकार किया है। वीडियो में स्पष्ट दिखने वाले फार्मासिस्ट को घटना की जानकारी नहीं है।
कस्बे के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डा. तरुण पाल एवं डा. विन्देश वर्मा की तैनाती है। दोनों एक ही आवास में रहते हैं। शुक्रवार की रात करीब 9 बजे दोनों का आपस में किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। इस पर डा. तरुण पाल ने डा. बिन्देश वर्मा को थप्पड़ों से मारना शुरू कर दिया। इसी बीच चीफ फार्मासिस्ट ब्रजेन्द्र सिंह भी आ धमके और डा. तरुण पाल को मारने के लिए उकसाते नजर आये हैं। सुबह मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। इसकी पुष्टि संस्थान नहीं करता है। दोनों डॉक्टरों एवं फार्मासिस्ट ने घटना से इंकार किया है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि रात में डॉक्टरों के मध्य मारपीट की घटना की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची थी लेकिन उन्होंने स्वतः समझौता कर लिया था। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा. पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों डॉक्टर रूम पार्टनर हैं। दोनों से वार्ता की गई है। दोनों ने विवाद से इनकार किया है। साथ ही लिखित में विवाद न होने की बात भी कही है।

Related Articles

Back to top button