सड़क हादसे में घायल युवक की मौत, पिता ने लगाया केमिकल खिलाकर मारने का आरोप

हमीरपुर : 22 मई को अपने साथी के साथ बाइक से दिल्ली जा रहा युवक सड़क हादसे में घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए आगरा मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। जहां से उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया। जहां से पैसों का अभाव होने पर परिजन उसे घर ले आए थे। तभी सोमवार की रात उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों ने साथी पर मारपीट कर उसे केमिकल खिलाकर मार डालने का आरोप लगाया है।

जरिया थाने के अतरौली गांव निवासी 19 वर्षीय नीरज श्रीवास पुत्र अरविंद कुमार 21 मई को दिल्ली से अपने दोस्त जीतेंद्र के यहां ममना गांव आया था। 22 मई को वह अपने साथी दीपक के साथ बाइक से दिल्ली जा रहा था। तभी मथुरा के पास वह सड़क हादसे का शिकार हो गया। जिसे आगरा के मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया जहां से गंभीर हालत होने पर डाक्टरों ने उसे ग्वालियर के लिए रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे मेडिकल कालेज ग्वालियर ले कर पहुंचे। जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के पिता ने बताया कि उसका पुत्र बिना जानकारी के ममना गांव आया था। वह दूसरे दिन अपने दोस्त के साथ बाइक से दिल्ली जा रहा था। आरोप लगाया कि उसके पुत्र के साथ मारपीट कर उसे केमिकल खिलाया गया है। बताया कि पैसों के अभाव से उसका सही से उपचार नहीं हो पा रहा था। जिससे उसे घर ले आए थे। बताया कि सोमवार की देररात उसके पुत्र ने घर में दम तोड़ दिया। मृतक घर का इकलौता चिराग था। दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था। पुत्र की मौत पर मां दयावती व बहन बबली का रो रोकर बुरा हाल है। जरिया थानाध्यक्ष प्रिंस दीक्षित ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद कारण स्पष्ट हो सकेगा। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button