देश की जीडीपी में मध्यप्रदेश का महत्वपूर्ण योगदानः केन्द्रीय कृषि मंत्री

सीहोर/भोपाल। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि आज मध्यप्रदेश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश के हर क्षेत्र में चहुंमुखी विकास हुआ है। प्रदेश सरकार की मेहनत और प्रयासों से मध्यप्रदेश आज बीमारू राज्य की श्रेणी से निकलकर अग्रणी राज्यों की श्रेणी में आया है।

केन्द्रीय मंत्री तोमर शनिवार को सीहोर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 में मध्यप्रदेश में सिर्फ तीन मेडिकल कॉलेज थे और आज मध्यप्रदेश में 22 मेडिकल कॉलेज है। पहले मध्यप्रदेश में 2900 मेगावाट बिजली का उत्पादन था, जो आज बढ़कर 28,000 मेगावाट तक हो गया है। प्रदेश में 2003 में सिंचाई की क्षमता 6 लाख हेक्टेयर हुआ करती थी, लेकिन आज सिंचाई का रकबा बढ़कर 46 लाख हेक्टेयर हो गया है और निरंतर बढ़ रहा है। आज मध्यप्रदेश, देश की जीडीपी में भी अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। यह प्रदेश के किसान भाईयों के लिए गर्व की बात है कि एग्रीकल्चर ग्रोथ रेट में हरियाणा तथा पंजाब से भी आगे मध्यप्रदेश का नाम पूरे देश में लिया जाता है।

तोमर ने कहा कि प्रदेश में विकास के साथ-साथ जनकल्याण के लिए भी अनेक योजनाएं चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में बेहतरीन कार्य हुआ है। लाडली लक्ष्मी योजना, लाडली बहना योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना जैसी योजनाओं ने महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है। इसके साथ ही संबल योजना, आयुष्मान भारत योजना, आवास योजना, बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए बनाई गई योजनाओं सहित अनेक योजनाओं के माध्यम से सरकार द्वारा नागरिकों को लाभान्वित किया है। आज घर-घर में शौचालय है, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने बहनों को धुएं से मुक्ति दिलाई है, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र हितग्राहियों को पक्के मकान की सौगात दी जा रही है।

प्रदेश सरकार समर्पित भाव से लोगों की सेवा कर रही हैः केन्द्रीय मंत्री ईरानी

केन्द्रीय महिला बाल विकास मंत्री स्मृति इरानी सीहोर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में देश-प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार समर्पित भाव से लोगों की सेवा कर रही है और नागरिकों के कल्याण के लिए दृढ़ संकल्पित हैl उन्होंने कहा कि पिछले ढाई साल में समर्पित भाव से 5 करोड़ गरीब नागरिकों तक नि:शुल्क राशन पहुंचा है।

केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार द्वारा ग्रामीण अंचलों के 44 लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान देने का काम किया गया है। मध्यप्रदेश में आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी गई है। मध्यप्रदेश में 3 करोड़ 60 लाख से भी ज्यादा लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ दिया गया है। प्रदेश में अब तक 30 लाख नागरिकों का नि:शुल्क उपचार आयुष्मान भारत के माध्यम से हुआ है।

उन्होंने कहा कि अंत्योदय की भावना से समर्पित दीनदयाल रसोई के माध्यम से दो करोड़ 15 लाख लोगों को इसका लाभ मिला है। मध्यप्रदेश में बेटियों को लाडली लक्ष्मी के रूप में पूजा जाता है। प्रदेश में 46 लाख से भी ज्यादा बेटियों को लाडली लक्ष्मी योजना के माध्यम से लखपति बनाया गया है। प्रदेश की 13 लाख से भी ज्यादा बेटियों को स्कॉलरशिप का लाभ दिया गया है। मध्यप्रदेश में महिलाओं को सशक्त बनाने वाली लाडली बहना योजना के माध्यम से 3600 करोड़ रुपये अब तक लाडली बहनों के खाते में डाले गए है। यह मध्यप्रदेश के लिए गौरव की बात है कि 3 करोड़ 70 लाख बहनों का बैंक में खाता खोला गया है। मुख्यमंत्री चौहान द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से 6 लाख से भी अधिक बेटियों का विवाह संपन्न कराया गया है।

Related Articles

Back to top button