लोकसभा चुनाव 2024 :महिलाओं के लिए मंहगाई, सुरक्षा,सशक्तिकरण और स्वास्थ्य बड़े मुद्दे

  • महिला मतदाताओं से बातचीत

अजय सिंह चौहान

निष्पक्ष प्रतिदिन,लखनऊ। मोहनलालगंज संसदीय सीट पर 20 मई को मतदान होना है।फिलहाल भाजपा से कौशल किशोर,इंडिया गठबंधन से सपा प्रत्याशी आरके चौधरी व बसपा से राजेश कुमार सहित अन्य प्रत्याशी अपने अपने प्रचार प्रसार में जुटे हुए हैं।चाहे लोकसभा चुनाव हो या फिर विधानसभा या अन्य चुनाव,इनमें महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।इन महिलाओं के अपने मुद्दे भी होते हैं।जिनके आधार पर वह अपने कैंडिडेट को वोट करती हैं।निष्पक्ष प्रतिदिन ने इसको लेकर क्षेत्र की कुछ प्रबुद्ध महिलाओं से बात कर यह जानने की कोशिश की कि उनके लिए बड़े मुद्दे क्या हैं।

सरकार ऐसी हो जो महिला सुरक्षा,स्वास्थ्य और शिक्षा पर ध्यान दे

हर महिला के जीवन पर चुनी हुई सरकार का प्रभाव पड़ता है। न केवल महिला,बल्कि हर नागरिक को अपने लिए ऐसे प्रत्याशी का चुनाव करना चाहिए,जो पढ़ा लिखा हो और सबके जीवन में बदलाव लाने का प्रयास करे।मैं किसी पार्टी या जाति समुदाय से पहले जनप्रतिनिधियों की गतिविधियों और कार्यों को देखकर उसके हिसाब से निर्णय लूंगी।हमें ऐसी सरकार चाहिए,जो महिला सुरक्षा पर अधिक ध्यान दे।इसके साथ ही महिला स्वास्थ्य और शिक्षा भी आज के परिपेक्ष्य में अहम मुद्दे हैं।

मंहगाई, रोजगार का बढ़ता संकट बड़ी समस्या,इस पर ध्यान हो

अब महिलाएं मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती हैं
यह जरूरी भी है, क्योंकि उन्हें ऐसा नेता चुनना चाहिए,जो उन्हें ध्यान में रखकर नीतियाँ और योजनाएं तैयार करे।यह काफी हद तक हुआ भी है।सभी राजनीतिक दल अपने चुनावी एजेंडे में महिला संबंधी योजनाएं शामिल करते हैं।हालांकि,बढ़ती मंहगाई,रोजगार की समस्या,आर्थिक विषमताएं बड़ी समस्या के रूप में उभरी हैं।मै उस प्रत्याशी को वोट करूंगी,जो मंहगाई पर अंकुश लगाए,रोजगार के बारे में सोचे और क्षेत्र के विकास में सहभागी बनें।

सरकार ऐसी हो,जो वर्ग विशेष की बजाय संपूर्ण विकास पर जोर दे

लोकतंत्र का यह उत्सव हर पांच साल में आता है।ऐसे में चुनावी प्रक्रिया में सक्रिय रूप से शामिल होना हम सभी का कर्तव्य है।मै चाहती हूं कि सरकार किसी वर्ग विशेष पर ध्यान न देकर हर व्यक्ति के हित में संपूर्ण विकास करने वाली हो।हम स्मार्ट सिटी की बात करते हैं, लेकिन खराब सड़कें,गंदा पानी सहित अन्य मूलभूत समस्याओं से आज भी लोग जूझ रहे हैं।बढ़ती मंहगाई ने हर वर्ग को परेशान कर रखा है।सरकार ऐसी होनी चाहिए जो मंहगाई पर लगाम लगाकर लोगों की परेशानी दूर करे।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में और कदम उठाने की जरूरत

वर्तमान सरकार ने महिलाओं के लिए स्वास्थ्य,सुरक्षा और शिक्षा में काफी सहायता की है।इसके साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं शुरु की गई हैं।हम आगे भी ऐसी उम्मीद करते हैं, कि जो भी सरकार आए,वह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में और अधिक काम करे।भारत में महिलाओं की स्थिति हर जगह अलग-अलग है।महिलाओं ने साबित किया है कि वह हर मोर्चे को संभालने में सक्षम हैं।उन्हें ज्यादा से ज्यादा अवसर प्राप्त होने चाहिए।

Related Articles

Back to top button