भाजपा से राजेंद्र मिश्रा के महानगर अध्यक्ष बनने पर मिली बधाई

प्रयागराज । भारतीय जनता पार्टी प्रदेश संगठन द्वारा राजेंद्र मिश्रा को फिर एक बार फिर प्रयागराज महानगर जिले का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही गंगापार से कविता पटेल एवं यमुनापार से विनोद प्रजापति को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नवनियुक्त जिलाध्यक्षों को भाजपा के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने बधाई दी।

राजेंद्र मिश्रा को दोबारा प्रयागराज महानगर का जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइन कार्यालय पहुंचकर उन्हें बधाई दी। राजेंद्र मिश्रा शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिया गया मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास को लेकर आगे आने वाले लोकसभा के चुनाव में प्रयागराज जिले के दोनों संसदीय क्षेत्र में प्रचंड बहुमत के साथ कमल खिलाएंगे और मोदीजी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएंगे।

मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि राजेंद्र मिश्रा 1979 से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे। 1997 से लेकर 2001 तक भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष और 2010 में भाजपा महानगर के जिलाध्यक्ष पहली बार बनाए गए जो 2012 तक रहे। 2012 में प्रदेश कर समिति के सदस्य रहे, 2019 में एडवोकेट हाईकोर्ट हुए और 2020 में पार्टी द्वारा उन्हें प्रयागराज विकास प्राधिकरण का सदस्य नियुक्त किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता ने बधाई देते हुए कहा कि राजेंद्र मिश्रा भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता हैं। उनके नेतृत्व में प्रयागराज महानगर का संगठन और मजबूत होगा और आने वाले लोकसभा के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का परचम लहरायेगा।

कविता पटेल नियुक्त की गई गंगापार भाजपा जिलाध्यक्ष

भाजपा प्रदेश संगठन द्वारा गंगापार जिले की कमान कविता पटेल को अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है। इस अवसर पर सभी गंगापार के कार्यकर्ताओं ने उनके आवास बहरिया फूलपुर पहुंचकर बधाई दी। मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि 1993 में कविता पटेल ने भाजपा की सदस्यता ली और मंडल मंत्री बहरिया, महिला मोर्चा महामंत्री प्रयागराज, महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रयागराज, जिला मंत्री प्रयागराज, जिला उपाध्यक्ष गंगापार एवं 2019 से वर्तमान तक जिला महामंत्री गंगापार रहते हुए पार्टी का दायित्व निभा रही थी। बधाई देने वालों में गंगापार पूर्व जिलाध्यक्ष अश्वनी दुबे, मीडिया प्रभारी गंगापार बृजेश त्रिपाठी, मनोज निषाद, योगेश मिश्रा, सनी दुबे, ओमप्रकाश गुप्ता, पंकज ओझा, प्रभाकर दुबे, संगीता पटेल, अंकित पासी एवं सैकड़ाें कार्यकर्ता रहे।

विनोद प्रजापति बने यमुनापार जिलाध्यक्ष भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी

भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने नवनियुक्त जिलाध्यक्षों की सूची जारी कर दी। जिसमें प्रयागराज यमुनापार के जिला मंत्री रहे विनोद प्रजापति को यमुनापार का जिलाध्यक्ष बनाकर नई जिम्मेदारी सौंपी है। इससे पूरे जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। सभी को साथ लेकर चलने वाले मृदुभाषी, कर्मठ, मेहनती पदाधिकारी को नियुक्ति होने पर कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया है।

Related Articles

Back to top button