राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष की हत्या पर क्षत्रिय महासभा ने किया प्रदर्शन

हमीरपुर : राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की नृशंस हत्या के विरोध गुरूवार को मुख्यालय स्थित नगर पालिका पार्क में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन किया गया। जिसमें सुखदेव सिंह की हत्या करने वालों को फांसी दिलाने की मांग की गई। इस धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता विनय सिंह चंदेल ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में चेयरमैन कुलदीप निषाद मौजूद रहे।
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह गौतम ने सुखदेव सिंह की हुई हत्या की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। प्रदर्शन के बाद सभी लोगों ने नगर पालिका से लेकर कलेक्ट्रेट तक जुलूस निकाला और नारेबाजी करते हुए आक्रोश व्यक्त किया। जिलाधिकारी कार्यालय के सामने मुख्य मार्ग पर जाम लगाते हुए आक्रोशित लोगों ने जमकर नारेबाजी करते हुए अपर जिलाधिकारी न्यायिक डा.नागेंद्रनाथ व अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे राजेश यादव को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यह जो घटना हुई है वह बहुत ही निंदनीय है। घटना में शामिल हत्यारों व उनके सभी साथियों को फांसी की सजा दी जाए। अन्यथा की स्थिति में समाज में आक्रोश व्याप्त होगा और आंदोलन उग्र हो सकता है। इस मौके पर अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह गौतम, उदयभान सिंह, रणविजय सिंह, करणी सेना के जिलाध्यक्ष शिवम सिंह बेरी, अनुराग राणा, युवराज सिंह, प्रकाश सिंह, राजन सेंगर, महेंद्र सिंह, दीपक मिश्रा मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button