एक महिला के अपहरण के बाद कर दी गई हत्या…

बदायूं: कस्बा उसहैत निवासी एक महिला के अपहरण के बाद हत्या कर दी गई थी। शव जंगल में फेंका था। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। महिला का प्रेमी उसे साथ ले गया था। जिसे अपने दोस्त के साथ भी महिला के संबंधों की जानकारी हुई। घटना के दिन उसने महिला को अपने दोस्त के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया। 

धोखा देना मानकर दोनों ने महिला को बुरी तरह से पीटा। किडनी फट गई और महिला की मौके पर मौत हो गई। दोनों आरोपी महिला का शव वहीं छोड़कर भाग गए थे। पुलिस की पूछताछ में उन्होंने घटना कबूल की है। मंगलवार को एसपी सिटी अमित किशोरी श्रीवास्तव ने प्रेसवार्ता करके खुलासा किया।

थाना उसहैत क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने 28 फरवरी को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 24 फरवरी को वह सामान खरीदने के लिए पत्नी के साथ बाजार गए थे। खरीदारी करने के बाद वह ड्यूटी पर चले गए और पत्नी को ई-रिक्शा पर बैठाकर घर भेज दिया था। जिसके बाद पत्नी घर नहीं पहुंची। 

महिला के पति ने गांव असमया रफतपुर निवासी सुमित और कस्बा म्याऊं निवासी विनेश पाल के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस महिला और दोनों आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दिन थाना हजरतपुर क्षेत्र के गांव कोड़ा जयकरन के जंगल में एक महिला का शव मिला। जानवर शव का पैर खा चुके थे। महिला की शिनाख्त उसहैत कस्बा की लापता महिला के रूप में हुई। 

पुलिस और एसओजी ने आरोपी सुमित और विनेश पाल को पकड़ा। उनसे पूछताछ की। पहले तो दोनों आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे लेकिन कॉल डिटेल, लोकेशन, बीटीएस डाटा और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में सुमित के दिखने की बात पुलिस ने कही तो उसने मारपीट की वजह से महिला की मौत कबूल की।

विनेश भी खुद को घटनास्थल से दूर रहने की बात कहता रहा था लेकिन उसके पुलिस ने उसके लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज दिखाई तो उसने भी कबूल कर लिया। पुलिस ने दोनों को जेल भेजा। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों के पास से बाइक भी बरामद हुई है।

दोनों ने अपने साथ माना धोखा तो महिला से की थी मारपीट
पुलिस के अनुसार महिला और सुमित के बीच कई सालों से प्रेम संबंध थे। वह दोनों अक्सर घर और जंगल में मिलते थे। 24 फरवरी को सुमित महिला को ले गया था। जिसकी जानकारी विनेश पाल को हो गई थी। उसने सुमित को फोन किया। उसने महिला के साथ होने की जानकारी दी। दोनों में बहस होने लगी। कहासुनी इतनी बढ़ी कि विनेश पाल भी वहां पहुंच गया। वह तीनों कस्बा म्याऊं में मिले। फिर तीनों वहां से चले गए। गांव कोड़ा जयकरन के पास जंगल में गए। 

विनेश पाल ने महिला से अकेले में बात करने को कहा तो सुमित ने उसे भेज दिया। काफी देर तक महिला के वापस न आने पर सुमित वहां गया तो विनेश पाल और महिला आपत्तिजनक हालत में थे। सुमित और विनेश पाल में कहासुनी हो गई। दोनों को लगा कि महिला ने उन दोनों को धोखा दिया है। दोनों ने महिला को लात-घूसों से पीटा। जिससे महिला की मौत हो गई थी। मौत के डर की वजह से सुमित और विनेश भाग गए। पुलिस की पूछताछ में उन्होंने बताया कि उनके संबंधों की जानकारी उनकी पत्नियों को हो गई थी। जिसके चलते आए दिन विवाद होता रहता था।

Related Articles

Back to top button