कानपुर: चिड़ियाघर में किए गए ये खास इंतजाम…

कानपुर:- सर्दियों में चिड़ियाघर के जानवरों का खान-पान बदले जाने की तैयारी चल रही है। इस बदलाव में जानवरों को ठंड से बचाने के लिए चिकित्सक फाइबर, प्रोटीन और मल्टीविटमिन भी जानवरों के भोजन में शामिल करेंगे। इस बदलाव में ठंड से बचाव के लिए भालू को शहद और शेर को डबल खुराक दी जाएगी।

गुलाबी ठंड के दस्तक पर चिड़ियाघर में जानवरों को सर्दियों से बचाए जाने के उपायों पर काम शुरू हो गया है। अधिकारियों का मानना है कि इसमें प्रथमिकता में जानवरों के खान-पान में बदलाव प्रमुख है। चिड़ियाघर प्रदशासन के अनुसार नवंबर के दूसरे सप्ताह से ही मांसाहारी और शाकाहारी दोनो ही तरह के जानवरों के खाने में बदलाव हो जाएगा। इनमें विशेषतौर पर शेर, भालू, गैंडा और तेंदुआ का खाना शामिल है।

चिड़ियाघर के चिकित्सक ने बताया कि खाने में किया जाने वाला बदलाव इस तरह होगा जिससे जानवर खुद को गर्म रख सके। प्राणि उद्यान के चिकित्सक डॉ. अनुराग सिंह ने बताया कि 15 नवंबर से सभी जानवरों के खाने पर बदलाव कर दिया जाएगा। शाकाहारी और मांसाहारी दोनो के ही वजन के अनुसार डायट चार्ट तैयार किया जा रहा है। इसी डायटचार्ट के अनुसार पूरी सर्दियों में जानवरों को खाना दिया जाएगा।

शेर की ऐसी होगी खुदाक

सर्दियों में बदले हुए मेन्यु के अनुसार शेर को पांच से आठ किलो मीट अलग से दिया जाएगा। इसके अलावा उसे दवाइयों के रूप में मल्टी विटामिन की गोलियां भी दी जाएंगी। भालू को सर्दियों में अतिरक्त भोजन के रूप में शहद दिया जाएगा। इसके अलावा उसकी खुराक में अंडे भी शामिल किए जाएंगे। चीते की भी मटन की मात्रा में बढोत्तरी की जाएगी।

एक खुराक बढ़ेगी

प्राणि उद्यान के चिकित्सकों ने बताया कि अन्य जानवरों के खानपान में एक खुराक के बराबर उनके भोजन में बढोत्तरी की जाएगी। इनमें शाकाहारी जानवरों के भोजन भी शामिल हैं।

मानू का खास ख्याल

मादा गेंडा मानू ने हाल ही में एक बच्चे को जन्म दिया है। ऐसे में चिड़ियाघर प्रशासन की ओर से मानू और उसके बच्चे का सर्दियों में खास ख्याल रखा जाएगा। इसके लिए मानू के खाने में दाना, फल, हरा चारा, गन्ना, हरेरा, 8 से 10 किलो गुड़ शामिल किया जाएगा।

4 शेर 9 चीतें

प्राणी उद्यान प्रशासन की ओर से बताया गया कि यहां पर मांसाही व शाकाहारी दोनो तरह के जानवरों, पक्षी व सरिसृप मिलाकर लगभग 14 सौ जीव-जंतु हैं। इनमें सबसे लोकप्रिय 4 शेर, 20 तेंदुएं, 9 चीते, 10 लकड़बग्घे, 3 भेडि़ए, 3 जंगली बिल्ली, 9 लोमड़ी सहित अन्य जीव जंतु शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button