कानपुर सागर हाईवे में 20 घंटे तक लगा जाम, लोगों को हुई खासी परेशानी

हमीरपुर : कानपुर सागर हाईवे में अलग अलग स्थानों में वाहन खराब होने के कारण वाहनों का लंबा जाम लग गया और यह जाम करीब 20 घंटे तक लगा रहा। जिसके कारण लोगों को खासी परेशानियों की सामना करना पड़ा। जाम खुलवाने में यातायात टीम का भी पसीना छूट गया।
रविवार की रात करीब नौ बजे यमुना पुल पर एक ट्रक खराब होने के कारण कानपुर सागर हाईवे पर जाम लगना शुरू हुआ। इसके बाद कुछ ही देर में हाईवे स्थित अन्य स्थानों में भी कुछ वाहन खराब हो गए और धीरे धीरे जाम बढ़ता गया और रातभर लोगों को जाम से जूझना पड़ा। सोमवार की सुबह तक जाम न खुलने के कारण स्कूली बसें, एंबुलेंस और रोडवेज बसें भी जाम का शिकार हो गई। बच्चे समय से स्कूल नही पहुंच पाए। जिसके कारण स्कूलों में छुट्टी कर दी गई। वहीं रोडवेज बसों में बैठे यात्री थकहार कर पैदल चलने को मजबूर हो गए। सुबह भी जाम पूरी तरह से नही खुला और वाहन रेंगते नजर आए। शाम तक यही स्थिति बनी रही। शाम चार बजे जाम पूरी तरह से खुल पाया। जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। बरसात के बीच हाईवे पर लगा जाम लोगों के लिए आफत साबित हो रहा था। यातायात प्रभारी हरवेंद्र सिंह ने बताया कि हाईवे पर अलग अलग स्थानों में खराब हुए वाहनों के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हुई थी। जिसे खुलवा दिया गया है अब यातायात पूरी तरह से संचालित है।

Related Articles

Back to top button