कानपुर:’ई-सिटी बसें’बिठूर से सिद्धनाथ मंदिर तक चलेंगी

कानपुर:- शहर में बस में सफर करने वाले यात्रियों को सिटी ई-बस प्रशासन नई सुविधा देने जा रहा है। इस सुविधा के तहत बिठूर से सिद्धनाथ मंदिर तक ई-बस चलाई जाएगी। लगभग 30 किलोमीटर के इस रूट में माना जा रहा है कि रोजाना लगभग 15 हज़ार से अधिक यात्रियों को इस सेवा का लाभ मिलेगा।

पीएम ई-सिटी बस योजना के तहत शहर को नए साल में 150 नई बसें मिलने वाली है। इन बसों को चलाए जाने के लिए अधिकारियों की ओर से रूट निर्धारित किया जा रहा है। अधिकारियों की ओर से नए रूट पर बिठूर से सिद्धनाथ तक बस चलाए जाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों की मानें तो नए रूट के लिए बाकायदा एक सर्वे भी कराया गया है।

सर्वे के दौरान यह सामने आया सिद्धनाथ- बिठूर रूट पर रोजाना 8 से 12 हज़ार यात्रियों का दबाव है। इस रूट पर सीधी बस न होने की वजह से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है। यह भी माना जा रहा है कि सीधी बस सेवा शुरू होने से यहां पर यात्रियों की संख्या में इजाफा भी होगा। इस रूट पर चलाई जाने वाली बसों की संख्या का आंकलन किया जा रहा है।

योजना के तहत शुरुआती दौर पर 8 से 12 बसें इस रूट पर चलाए जाने पर विचार किया जा रहा। अधिकारियों का यह भी मानना है कि यदि बेहतर परिणाम सामने आते हैं तो बसों की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है।

बसों के संचालन पर मुख्य परिचालक अधिकारी डीबी सिंह ने बताया कि रूट के निर्धारण के बाद यात्रियों के दबाव को देखते हुए बसें चलाने की योजना बनाई जा रही है। नए रूट पर यदि यात्रियों की संख्या में इजाफा होता है तो शहर के एक सिरे से दूसरे सिरे को जोड़ते हुए बसों की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है।

कई चरण में आएगी बस

शहर को मिलने वाली 150 बसें कई चरण में शहर आएंगी। बसों की खेप जैसे-जैसे शहर आई जाएगी वैसे-वैसे उन्हें रूट पर बढ़ाया जाएगा। सबसे पहले नए निर्धारित रूट पर बसों को उतारा जाएगा। इसके बाद ऐसे रूट जहां पर यात्रियों की संख्या अधिक है वहां पर बसें बढ़ाई जाएगी। यात्रियों को सुविधा को देखते हुए बसों का निर्धारण रूटों पर किया जाएगा।

हर 5 मिनट पर मिलेगी बस

अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस तरह की योजना बनाई जा रही है कि बस में सफर करने वाले यात्रियों को 5 मिनट से अधिक बस का इंतजार न करना पड़े। इसके लिए बाकायदा रूट चार्ट बनाया जा रहा है। योजना के तहत कुछ बसों को अतिरिक्त फेरों के लिए रिजर्व भी रखे जाने पर विचार किया जा रहा है। रिजर्व रखी जाने वाली बसें अधिक यात्री संख्या वाले रूट पर तुरंत उतारे जाने की भी योजना है।

ऐसे जुड़ेगा बिठूर से सिद्धनाथ

सिद्धनाथ – मैनावती- बिठूर वाया सिद्धनाथ मन्दिर, मकसूदशाह, जाजमऊ, अशरफाबाद, गंगाकुटी, सर्किट हाउस, फूलबाग, आरबीआई, बड़ा चौराहा, परेड, लाल इमली, चुन्नीगंज, बृजेन्द्र स्वरूप पार्क, तिलक नगर, कम्पनी बाग, नवाबगंज, पीएनबी, चिड़ियाघर, ख्यौरा, आशाराम बापू आश्रम, धनऊ पुरवा, सम्भर, सिंहपुर, ईश्वरीगंज, सुधान्शु आश्रम, हिन्दूपुर, बिठूर

Related Articles

Back to top button