दिल्ली और पंजाब की झांकी को गणतंत्र दिवस पर मौका न देने को कहा दुर्भाग्यपूर्ण- AAP सरकार

नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस समारोह में इस बार दिल्ली की झांकी दिखाई नहीं देगी।प रेड में शामिल होने वाली झांकियों को चयन करने वाली केंद्र सरकार की समिति ने दिल्ली की झांकी को इसमें शामिल नहीं किया है।

तीसरी बार हुआ ऐसा
वर्ष 2020 के बाद यह तीसरी बार है जब दिल्ली की झांकी दिखाई नहीं देगी। वर्ष 2020 के बाद 2022 में भी दिल्ली सरकार की झांकी गणतंत्र दिवस परेड में शामिल नहीं हो पाई थी। इसको लेकर दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी ने एतराज दर्ज कराया है। आप ने कहा है कि दिल्ली और पंजाब की झांकी को गणतंत्र दिवस पर मौका न देना दुर्भाग्यपूर्ण है।

दुर्भावना से काम कर रही केंद्र सरकार
आप की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा है कि केंद्र की मोदी सरकार आप की सरकारों को लेकर दुर्भावना से काम कर रही है।दिल्ली सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में कराए गए कार्यों को लेकर झांकी तैयार करना चाहती थी जो केंद्र को पसंद नहीं आया है।

दिल्ली सरकार ने इस बार झांकी के लिए तैयारी शुरू कर दी थी।सरकार की ओर से इस बार गणतंत्र दिवस परेड के लिए दिल्ली में स्वास्थ्य और शिक्षा विषय पर झांकी तैयार करने की तैयारी थी।दिल्ली सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग के तहत आने वाली साहित्य कला परिषद ने इस विषय पर झांकी की संकल्पना व डिजाइन तैयार कर रही थी।

2022 में उम्मीदों का शहर दिल्ली था विषय
दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि केंद्र सरकार को झांकी के विषय पर आधारित प्रस्ताव भेजा गया था। बताते चलें यह पहला मौका नहीं है जब दिल्ली सरकार की झांकी गणतंत्र परेड दिवस में शामिल नहीं हो रही है। इससे पहले 2022 में उम्मीदों का शहर दिल्ली विषय रखा गया था।

2017 में दिल्ली के मॉडल स्कूलों पर भेजी गई थी झांकी
उससे पहले 2018, 2020 में भी दिल्ली की झांकी गणतंत्र दिवस परेड में नहीं आई थी, जबकि 2017 में दिल्ली के मॉडल स्कूलों पर आधारित झांकी भेजी गई थी। फिर 2019 में महात्मा गांधी की 150वीं जयंती की थीम पर आधारित झांकी बनाई गई थी, जिसमें गांधी जी के दिल्ली में बिताए गए 720 दिनों को दर्शाया गया था। 2021 में दिल्ली सरकार की झांकी शाहजहांनाबाद पुर्नविकास पर आधारित थी।

परेड में चंडीगढ़ की भी नहीं होगी झांकी
दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड के दौरान चंडीगढ़ की कोई भी झांकी दिखाई नहीं जाएगी। अब अधिकारी 2025 की परेड की तैयारी में जुट गए हैं। इस वर्ष 20 राज्यों की झांकियां दिखाई जाएंगी, लेकिन इसमें पंजाब की झांकी शामिल नहीं होगी।

Related Articles

Back to top button