आंख दिखाने वालों को माकूल जवाब देने में भारत सक्षम: राजनाथ सिंह

जमुई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को जमुई में एनडीए के लोजपा (आर) समर्थित प्रत्याशी अरुण भारती के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित किया। सभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि चुनाव औपचारिकता है। देशवासियों ने नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री मान लिया है। दूसरे देश अभी से ही नरेन्द्र मोदी को आमंत्रण दे रहे हैं।

राजनाथ सिंह ने बिना किसी का नाम लिए राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के परिवार पर हमला बोला। राजनाथ ने कहा कि भ्रष्टाचारी लोग कह रहे हैं कि उनकी सरकार आएगी तो मोदी को जेल भेज देंगे। न नौ मन घी होगा और न राधा नाचेगी। इस तरह की बात करने वालों को जनता नकार देगी।

चारा खाने वाला परिवार…
उन्होंने कहा कि चारा खाने वाले परिवार के लोग नवरात्र के दौरान हेलीकॉप्टर में बैठकर मछली खाकर क्या संदेश देना चाहते हैं। ये लोग तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं। राजनाथ सिंह ने अपने भाषण के अंत में उपस्थित भीड़ से राजग प्रत्याशी अरुण भारती को भारी मतों से जिताने की अपील की।

कहा- हर चुनावी वादे को किया पूरा
राजनाथ सिंह ने कहा कि 2019 के चुनावी घोषणा पत्र में हमने कहा था कि संसद के दोनों सदनों में जब हमारा पूर्ण बहुमत होगा तो जम्मू कश्मीर से धारा 370 को समाप्त करेंगे। हमने उसे समाप्त कर दिया।

उन्होंने कहा कि चाहे हिन्दू हो या मुसलमान, सबकी मां-बहनें हमारी भी मां-बहनें हैं। उन पर तीन तलाक थोपा गया था। मोदी सरकार ने उसे समाप्त कर मां-बहनों को आजादी दी।

रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा को दुनिया ने देखा
राजनाथ सिंह ने कहा कि विरोधी दल के लोग भाजपा पर तंज कसते थे, सौगंध राम की खाते हैं मंदिर वहीं बनाएंगे लेकिन तारीख नहीं बताएंगे। आज अयोध्या में भव्य मंदिर में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा को दुनिया ने देखा।

राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत में राम राज के आगमन को दुनियां की कोई ताकत नहीं रोक सकता। हमें भारत माता का मस्तक दुनियां में ऊंचा करना है।

आंख दिखाने वालों को माकूल जवाब देने में भारत सक्षम
उन्होंने कहा कि भारत आतंकवादियों को सीमा के इस पार भी मारता है और उस पार भी। आज अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत बोलता है तो पूरा विश्व गंभीरता से सुनता है। भारत अब कमजोर नहीं रहा ताकतवर देश बन चुका है। हम आंख दिखाने वालों को माकूल जवाब देने में सक्षम हैं।

ये नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता लोजपा (आर) के जिलाध्यक्ष जीवन सिंह एवं संचालन भाजपा के जमुई लोकसभा प्रभारी रविन्द्र कल्लू ने की। सभा को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा, जमुई के निवर्तमान सांसद एवं लोजपा (आर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान, मंत्री हरी सहनी, जमुई विधायक श्रेयसी सिंह ने भी संबोधित किया।

Related Articles

Back to top button