नगरीय क्षेत्रों में राम मन्दिर रथ, कलश यात्राओं का किया जायेगा आयोजन।

जिलाधिकारी ने पुजारियों, ग्राम प्रधानों एवं अधिकारियों के साथ की बैठक।

सभी कार्यक्रम उत्सव की तरह मनाए जाएं……..जिलाधिकारी।

अमेठी। शासन द्वारा श्रीराम मन्दिर अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के अवसर पर जनपद में उत्तरायण/मकर संक्रान्ति यानि 14 जनवरी से 22 जनवरी 2024 तक जनपद के समस्त श्रीराम मन्दिरों, हनुमान मन्दिरों एवं वाल्मीकि मन्दिरों आदि में रामकथा, रामायण पाठ, भजन-कीर्तन आदि कराये जाने के निर्देश दिये गये है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों, ग्राम प्रधानों एवं पुजारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिये है। जिलाधिकारी ने बताया कि महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित विश्व प्रसिद्ध रामायण महाकाव्य की रचना श्रीराम जी की जीवन गाथा पर आधारित है, इस महाकाव्य में श्रीराम जी के नैतिक, सामाजिक एवं मानव मूल्यों की स्थापना का आदर्श प्रस्तुत किया गया है, जो वर्तमान में अत्याधिक प्रासंगिक एवं महत्वपूर्ण है। इस विश्व प्रसिद्ध अमृत धरोहर का संरक्षण एवं जनमानस तक इसकी जानकारी पहुॅचाना हम सबका उत्तरदायित्व है। इसी क्रम में अयोध्या में बन रहे श्रीराम मन्दिर निर्माण समाज एवं देश में जन-जन तक इन्हीं संस्कारों, आदर्शो, प्राचीन परम्पराओं एवं नैतिक मूल्यों की ओर अग्रणी कदम है।

श्रीराम जी की जन्मभूमि अयोध्या में मन्दिर से जनमानस का बेहद करीबी लगाव रहा है, इसी के दृष्टिगत वाल्मीकि रामायण में उल्लिखित श्रीराम जी के आदर्शो, मानव मूल्यों, सामाजिक मूल्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर जनमानस को इस अभियान से जोड़ा जाय। इस अवसर पर मन्दिरों में दीप प्रज्ज्वलन/दीप दान के साथ-साथ रामकथा प्रवचन, अनवरत रामायण/रामचरित मानस का पाठ/सुन्दर काण्ड आदि के कार्यक्रम आयोजित किये जाये एवं नगर निकायों में संकीर्तनों का आयोजन किया जाये तथा इसमें स्थानीय भजन/कीर्तन मण्डलियों को सम्मिलित करते हुए नगरों में राम मन्दिर रथ एवं कलश यात्राओं का आयोजन किया जाये। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम से पूर्व मन्दिरों का चयन कर लिया जाय तथा प्रत्येक आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा, दरी बिछावन, ध्वनि, प्रकाश (आवश्यकता के अनुसार), सूक्ष्म जलपान आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाये। बैठक में जिलाधिकारी ने उपस्थित पुजारियों एवं ग्राम प्रधानों से अपील करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम को उत्सव की तरह मनाया जाए। इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्री राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के दृष्टिगत 20 से 22 जनवरी 2024 तक कोई भी व्यक्ति अयोध्या दर्शन हेतु ना जाए इसका भी अपने-अपने क्षेत्र में व्यापक प्रचार प्रसार करें। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अंशुमान सिंह, जिला विकास अधिकारी तेज भान सिंह, पीडी डीआरडीए ऐश्वर्य यादव, डीसी एनआरएलएम प्रवीणा शुक्ला, डीपीआरओ श्रीकांत यादव, जिला खादी एवं ग्राम उद्योग अधिकारी महेंद्र कुमार मिश्रा, समस्त खंड विकास अधिकारी एवं मंदिरों के पुजारी व ग्राम प्रधान मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button