स्वाधीनता की लड़ाई में भगवान श्री राम का सहयोग रहा : रामनाथ कोविंद

हमीरपुर : दिव्य प्रेम सेवा मिशन के तत्वाधान में आयोजित श्रीराम कथा का शुभारंभ शनिवार को पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने लोदीपुर निवादा गांव पहुंचकर किया। इस दौरान उन्होंने कथा व्यास विजय जी कौशल महाराज को प्रभु श्रीराम की प्रतिमा भेंट की और दीप प्रज्वलित कर रामकथा का शुभारंभ किया। कथा से पूर्व सभी लोगों ने राष्ट्रगान गाया। कथा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि स्वाधीनता की लड़ाई में भगवान श्री राम का सहयोग रहा है। बिना राम के कोई काम नही हो सकता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि रामकथा जहां होती है वहां पर देवता भी उपस्थित होते हैं। हम सभी को इस रामकथा में शामिल होकर इसे अपने जीवन में उतारना होगा और प्रभु राम की तरह बनना होगा। उन्होंने कहा कि आगामी 22 जनवरी का सभी को इंतजार है जब रामलला भव्य मंदिर में विराजमान होगें। उन्होंने कहा कि मेरे राष्ट्रपति कार्यकाल का सबसे बड़ा आनंददायक क्षण यही था। जब मेरे कार्यकाल में श्री राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक सर्वसम्मत से फैसला आया। महात्मा गांधी रामराज्य की परिकल्पना करते थे। वर्तमान सरकार पारदर्शी व्यवस्था के तहत इसी कार्य में लगी हुई है।

कथा आयोजक व दिव्य प्रेम सेवा मिशन के अध्यक्ष डा.आशीष गौतम ने पूर्व राष्ट्रपति को चांदी की मछली देकर स्वागत किया। हेलीपैड पर उनका स्वागत श्रम व सेवा योजन विभाग उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री मनोहर लाल पंत, विधानसभा कालपी के पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह जादौन, भाजपा नेता देवेंद्र सिंह, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष शिव शंकर सिंह खन्ना, हमीरपुर महोबा के सांसद कुंवर पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, राठ विधायक मनीषा अनुरागी, जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत, उच्च न्यायालय प्रयागराज के अपर महाधिवक्ता महेश चंद्र चतुर्वेदी, दिव्य प्रेम सेवा मिशन हरिद्वार के अध्यक्ष डॉ आशीष गौतम, जिला पंचायत सदस्य दुष्यंत सिंह परिहार उर्फ रज्जन सिंह, बलवंत सिंह परिहार ने गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया।

Related Articles

Back to top button