कांग्रेस के राज में जनता त्रस्त, युवा, किसान और महिलाओं के साथ हुआ धोखा : नारायण पंचारिया

जोधपुर । जोधपुर के ओसियां में मंगलवार को परिवर्तन संकल्प यात्रा को लेकर चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नारायण पंचारिया ने प्रेसवार्ता को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि हमारी यह यात्रा चार सितंबर को रामदेवरा से शुरू हुई, जिसका लक्ष्य दो हजार 561 किलोमीटर चलकर 51 विधानसभा से सीटों से गुजरना था। इसमें से सिर्फ अब नौ विधानसभा क्षेत्र ही शेष बचे है। हमारे विजय रथ को जनता का अपार समर्थन मिला है। जिससे ये जाहिर होता है कि कांग्रेस की इस भ्रष्ट और नकारा सरकार से जनता परेशान है और जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है। पंचारिया ने कहा कि हमने परिवर्तन संकल्प यात्रा से पहले प्रदेश में 200 रथों के माध्यम से जनआक्रोश यात्रा निकाली थी। इसके माध्यम से हमने यह जानने की कोशिश की थी कि जनता की क्या अपेक्षा है। जनता में भ्रष्टाचार का क्या असर है। जनआक्रोश यात्रा में हमने शिकायत पेटिका रखी, जिसमें हमें एक लाख 84 हजार शिकायतें मिली। ये शिकायतें बताती है कि जनता इस नकारा, भ्रष्ट कांग्रेस सरकार से कितनी त्रस्त है। ये जनता का फैसला था कि भाजपा परिवर्तन संकल्प यात्रा निकालें। पहले प्रदेश में एक यात्रा निकाली जाती थी, लेकिन हमने इसका स्वरूप बदल दिया। भाजपा ने चारों दिशाओं से इस भ्रष्ट कांग्रेस सरकार पर हमला करने का फैसला किया, इसलिए ये यात्रा चारों दिशाओं से निकाली गई है। पंचारिया ने कहा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने युवा, किसान और महिलाओं के साथ धोखा किया है। चारों तरफ हाहाकार मचा हुआ है, प्रदेश में गुंडाराज है। आजाद भारत में ऐसा दृश्य पहली बार देखने को मिला है कि सचिवालय में फाइलों की जगह सोना मिल रहा है, नोटों की गड्डियां मिल रही है, लेकिन कांग्रेस की सरकार अभी तक कोई कार्रवाई नहीं कर पाई है। पंचारिया ने कहा कि संसद में राहुल गांधी आंख मार कर एक महिला का अपमान करते हैं, वैसा ही वाक्या राजस्थान की विधानसभा में दोहराया गया। कांग्रेस की सरकार में मंत्री शांति धारीवाल रेप के मामलों को लेकर कहते हैं कि राजस्थान मर्दों का प्रदेश है। इससे कांग्रेस सरकार की मानसिकता साफ दिखती है कि वो महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कितनी प्रतिबद्ध है। भाजपा ने तय किया है कि परिवर्तन संकल्प यात्रा के माध्यम से जन जन तक कांग्रेस की कुरीतियों को जनता तक पहुंचाना है। कांग्रेस की इस स्थिति इस कदर हो जाएगी, जैसे उनके एक नेता ने कहा था कि कांग्रेस के विधायक इतने ही बचेंगे कि एक फॉर्च्यूनर में बैठ कर आएंगे।

Related Articles

Back to top button