दिल्ली के कई इलाकों में बारिश से मौसम हुआ खुशनुमा

नई दिल्ली। दिल्ली में आज सोमवार को एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। राष्ट्रीय राजधानी के राजौरी गार्डन, सुभाष नगर, हरी नगर और पश्चिमी दिल्ली में तेज बारिश हुई। इससे मौसम सुहावना हो गया।

मौसम के पलटी मारने से भीषण गर्मी और लू से परेशान शहरवासियों को राहत मिली है। बारिश से पहले चली हवाओं ने भी राहत पहुंचाई।

पूरे सप्ताह रहेगा प्री मानसून का असर
इस पूरे सप्ताह ही दिल्ली में प्री मानसून का असर नजर आएगा। बादलों की आवाजाही कमोबेश हर रोज देखने को मिलेगी। हल्की बारिश होने की भी संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग ने आज के लिए भी ऐसा ही पूर्वानुमान जारी किया है। आज सोमवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।

गाजियाबाद : दो दिन बारिश के आसार
बीते तीन दिन से तापमान में गिरावट के साथ लू से भी राहत मिली है। सोमवार को सुबह से ही आसमान में बादल मंडराते रहे। जिससे धूप तेज नहीं रही, लेकिन अभी उमस भरी गर्मी से लोग काफी ज्यादा परेशान हुए। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिन आसमान में बादल छाए रहने के साथ बारिश होने के आसार हैं।

भीषण गर्मी के बाद बीते तीन दिन से लगातार तापमान में गिरावट बनी हुई है। जिससे दिन में बादल छाए रहने से लू से राहत मिली हुई है। सोमवार को सुबह से ही उमस भरी गर्मी से काफी ज्यादा परेशानी हुई। न्यूनतम तापमान 31 और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हवा अधिकतम 13 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली। वातावरण में आर्द्रता 47 प्रतिशत दर्ज की गई। अगले दो दिन आसमान में बादल रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान है। तापमान में गिरावट आ सकती है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक बने रहने के और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। हवा अधिकतम 11 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलेगी। वातावरण में आर्द्रता 50 प्रतिशत रह सकती है।

इससे पहले बीते रविवार को औद्योगिक नगरी नोएडा में मौसम ने पलटी मारी। रविवार सुबह से दोपहर 12 बजे के बीच दिन में कई बार बादल छाए, लेकिन दोपहर करीब दो बजे के बाद आसमान में बादलों की आवाजाही तेज हुई। इसके बाद बारिश का क्रम शुरू हुआ। करीब 20 मिनट तक तेज बारिश हुई। करीब 10 मिलीमीटर से अधिक की बारिश से कई जगह पर कुछ देर के लिए जलभराव की भी समस्या हुई।

Related Articles

Back to top button