गोरखपुर में अगले दो दिन तक बदला-बदला रहेगा मौसम

गोरखपुर। लगातार पांच दिन से भीषण गर्मी झेल रहे गोरखपुर के लोगों को सोमवार की शाम फौरी राहत मिल गई। सिद्धार्थनगर और महराजगंज जिले के तराई क्षेत्र में हुई वर्षा के चलते शहर का तापमान औसत से नीचे चला गया। मात्र 24 घंटे में अधिकतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस गिर गया। मौसम विज्ञानी कैलाश पांडेय के अनुसार राहत का यह क्रम फिलहाल दो दिन तक जारी रहेगा।

वह अगले दो दिन में बादलों के छाए रहने और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होने का पूर्वानुमान जता रहे हैं। इससे तापमान के नियंत्रित रहने की संभावना बता रहे हैं। मौसम विज्ञानी ने बताया कि मौसम में इस बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता है। पश्चिमी विक्षोभ तिब्बत के ऊपर से होकर गुजर रहा है, जिससे सिद्धार्थनगर और महराजगंज के तराई क्षेत्रों में वर्षा हो रही है।

मौसम का बदलाव धूप के तेवर करेगा कम
गोरखपुर में इसका प्रभाव दो दिन तक देखने को मिलेगा। मौसम का यह बदलाव धूप का तेवर कम कर देगा और तापमान को बढ़ने नहीं देगा। मौसम विज्ञानी के अनुसार अलगे दो दिन तक अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकार्ड होगा। बादलों के चलते न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। यह 28 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा। इसके चलते दिन के मुकाबले रात गर्म रहेगी।

गोरखपुर में बीते पांच दिन तक लगातार अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। दो दिन तक शहर उष्ण लहर की चपेट में रहा, जब तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार रहा। सोमवार को यह गिरकर 34.2 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। मौसम विभाग के मानक पर सोमवार का अधिकतम तापमान औसत से 3.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा।

Related Articles

Back to top button