दिल्ली में शुक्रवार को सामान्य से पांच डिग्री कम रहा तापमान 

 नई दिल्ली। उत्तर भारत में जनवरी में सर्दी का सितम कम नहीं हो रहा है। पहाड़ों पर अभी तक हिमपात न होने से मौसम सामान्य बना हुआ है। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में बर्फीली हवा के चलते लोग दिन में भी कांपने का मजबूर हैं। दिल्ली में दिसंबर भले ही छह साल में सबसे गर्म रहा हो, लेकिन जनवरी में सर्दी आए दिन नए रंग दिखा रही है।

तेज धूप सर्दी से कुछ राहत

कुछ दिन से दिन में खिल रही तेज धूप सर्दी से कुछ राहत दे रही थी, लेकिन शुक्रवार को एक बार फिर सूरज के दर्शन नहीं हुए। ऐसे में शीत लहर के चलते दिन का तापमान सामान्य से पांच डिग्री तक गिर गया। मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार और रविवार को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। इसके चलते शनिवार के लिए आरेंज जबकि रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी कर रखा है। वहीं, उप्र में भी तीन से चार दिन तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा।

छाए रहे बादल

शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 7.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों ने बताया कि कोल्ड डे की स्थिति बनने के पीछे मुख्य वजह बादल छाए रहना है। सूरज बादलों में छिप रहा है और धूप धरती तक नहीं पहुंच पा रही।

कोल्ड डे और शीतलहर

मौसम विभाग के अनुसार जब दिन का तापमान सामान्य की तुलना में 4.5 से 6.4 डिग्री नीचे दर्ज किया जाता है तो उसे कोल्ड डे कहते हैं। जबकि जब यह 6.5 डिग्री या इससे भी अधिक नीचे जाता है तो उसे सिवियर कोल्ड डे कहा जाता है। इसी तरह जब न्यूनतम तापमान सामान्य की तुलना में 4.5 से 6.4 डिग्री नीचे दर्ज होता है तो वह शीतलहर की स्थिति होती है। जबकि जब यह 6.5 डिग्री या इससे अधिक नीचे जाता है तो गंभीर श्रेणी की शीतलहर कही जाती है।

हरियाणा में शीतलर ने बढ़ाई ठिठुरन, पंजाब में टूटा रिकार्ड

हरियाणा धुंध और शीतलहर की चपेट में है। गुरुवार रात से शुक्रवार सुबह तक कोहरा छाया रहा। प्रदेश में सिरसा का न्यूनतम तापमान शुक्रवार को सबसे कम 4.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पंजाब में शुक्रवार को भी दिन भर घना कोहरा छाया रहा। कई जिलों में दृश्यता शून्या रही। लुधियाना और नवांशहर (एसबीएस नगर) दिन में सबसे ठंडे रहे। नवांशहर में अधिकतम तापमान 9.4 और न्यूनतम तापमान 5.8 तथा लुधियाना में अधिकतम तापमान 9.8 और न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना में 1970 के बाद यानी 53 साल बाद 19 जनवरी को दिन का तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

उत्तर प्रदेश में चार-पांच दिन जारी रहेगी गलन वाली ठंड

उप्र में सर्दी के सितम से अभी चार-पांच तक राहत नहीं मिलेगी। राजधानी समेत प्रदेश के चार दर्जन से अधिक जिलों में अगले चार-पांच दिनों तक कड़ाके की ठंड और कोहरा का अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को प्रदेश में सबसे ठंडा कानपुर शहर रहा। यहां न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि कानपुर का अधिकतम तापमान 11.8 रहा। 25 जनवरी से शीतलहर का असर लगभग समाप्त हो जाएगा। इसके बाद ही ठंड से राहत मिलने का अनुमान है।

पहाड़ों पर नहीं हुआ हिमपात, पर ठंड बरकरार

शुष्क मौसम के बीच पर्वतीय क्षेत्रों में धूप खिलने से तापमान सामान्य है, लेकिन मैदानी क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित हो गया है। उत्तराखंड में पिछले दो दिन से ठंड बढ़ गई है। मैदानी क्षेत्र घने कोहरे के प्रकोप से बेहाल हैं। देहरादून में अधिकतम तापमान में करीब आठ डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले कुछ दिन प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है। इसके चलते घने कोहरे को लेकर आरेंज अलर्ट और देहरादून, नैनीताल और पौड़ी के मैदानी क्षेत्रों में भी यलो अलर्ट जारी किया गया है।

कड़ाके की ठंड ने लगाया ब्रेक

वहीं, बदरीशपुरी में बदरीनाथ महायोजना के तहत चल रहे तृतीय चरण कार्यों पर कड़ाके की ठंड ने ब्रेक लगा दिया है। कार्य में लगे श्रमिक और कर्मचारी-अधिकारी भी बदरीनाथ से लौट आए हैं। कश्मीर में अगले सप्ताह हल्की बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है। इससे उम्मीद है कि लंबे समय से जारी शुष्क दौर समाप्त हो जाएगा।

वहीं, शुष्क मौसम के बीच घाटी में कड़ाके की ठंड में कोई कमी नहीं हुई है। सभी स्थानों पर रात का तापमान जमाव बिंदु से नीचे बना रहा। पहलगाम माइनस 6.3 डिग्री सेल्सियस के साथ कश्मीर का सबसे ठंडा क्षेत्र बना रहा। वहीं, जम्मू का अधिकतक तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार 25 जनवरी को जम्मू-कश्मीर के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है।

Related Articles

Back to top button