स्वास्थ्य सेवाओं में तेजी से हो रहा सुधार:ब्रजेश पाठक

  • लोहिया संस्थान का स्थापना दिवस समारोह संपन्न

लखनऊ- यूपी की स्वास्थ्य सेवाओं में तेजी से सुधार हो रहा है। नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं। अस्पतालों में आधुनिक मशीनें व संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मच्छर जनित बीमारियों को खत्म करने में भी सफलता मिल रही है। यह बातें गुरुवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कही।गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में गुरुवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के स्थापना दिवस समारोह मनाया गया। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रत्येक जनपथ में मेडिकल कालेज खोले जा रहे हैं। इससे एमबीबीएस डॉक्टरों की कमी पूरी करने में मदद मिलेगी। मरीजों को बेहतर इलाज घर के पास मिल सकेगा। पीजी व सुपर स्पेशियालिटी की सीटों में भी वृद्धि की गई है।

डिप्टी सीएम श्री पाठक ने कहा कि मेडिकल कॉलेज व अस्पतालों में आधुनिक मशीनें स्थापित की जा रही हैं। आईसीयू स्थापित किए जा रहे हैं। डायलिसिस यूनिट स्थापित की जा रही हैं। सिटी स्कैन, एमआरआई की सुविधा बढ़ाई जा रही है। रोबोटिक सर्जरी को विस्तार दिया जाएगा। अभी संजय गांधी पीजीआई में रोबोटिक सर्जरी हो रही है। जल्द ही किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी और डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भी रोबोटिक सर्जरी होगी। उन्होंने कहा कि टीकाकरण अभियान लगातार सफलता की नई ऊंचाई छू रहा है। मच्छर जनित बीमारियों का भी सफाया हो रहा है। पूर्वांचल समेत अन्य जिलों में इंसेफलाइटिस का खात्मा हो गया है। अब डेंगू भी काबू में आ रहा है। इसके लिए सरकार ने 13 विभागों में समन्वय स्थापित कर मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए काम किया। हर घर दस्तक और जन जागरण अभियान चलाया। नतीजतन पूरे देश में मलेरिया के आंकड़ों में भी उत्तरप्रदेश सबसे निचले स्थान पर हैं। प्रदेश की जनता के हित में हर स्तर पर मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए हम सफल हुए।नीति आयोग के सदस्य डॉ. विनोद कुमार पॉल ने कहा कि बीते कुछ वर्षों में एमबीबीएस, पीजी व सुपर स्पेशियालिटी की सीटों में वृद्धि हुई है। इसमें और इजाफा करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि लोहिया में अभी किडनी ट्रांसप्लांट हो रहा है। जल्द ही लिवर ट्रांसप्लांट भी शुरू करे। कम्युनिटी मेडिसिन विभाग टीबी मुक्त अभियान को गति प्रदान करे। कार्यक्रम में लोहिया की निदेशक डॉ. सोनिया नित्यानंद समेत अन्य डॉक्टर मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button