पति ने चाकू से किया पत्नी पर हमला…

किच्छा: पुलभट्टा थाना अंतर्गत क्षेत्र में आरोपी पति ने अपने ससुराल में हंगामा करते हुए धारदार चाकू से पत्नी पर हमला बोल दिया। सिर पर चाकू से हमला होने के चलते पीड़िता महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद तमाम लोगों के पहुंचने पर आरोपी पति जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से फरार हो गया।
घटना में घायल महिला को इलाज के लिए नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला को घर भेज दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलभट्टा थाना पुलिस ने मामले की जांच तथा आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार की दोपहर पुलभट्टा कॉलोनी निवासी निशा पत्नी संजू को घायल अवस्था में परिजन इलाज के लिए नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।

महिला के सिर पर गहरा घाव होने के चलते लगातार खून बह रहा था। चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार किए जाने के बाद पुलभट्टा कॉलोनी निवासी निशा ने बताया कि उसका विवाह करीब एक वर्ष पूर्व कालोनी निवासी संजू के साथ हुआ था तथा शादी के कुछ दिनों बाद ही ससुराल पक्ष ने पीड़िता को प्रताड़ित करते हुए घर से निकाल दिया।

पीड़िता ने बताया कि ससुराल पक्ष द्वारा घर से निकाले जाने के बाद पीड़िता अपने मायके आ गई और कई महीनो से परिजनों के साथ रहती है। पीड़िता के अनुसार शुक्रवार की दोपहर पति संजू उसके घर पहुंचा और गाली गलौज करते हुए पीड़िता के सिर पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया।

घटना में पीड़िता के सिर पर गहरा घाव हो गया और खून बहने लगा। शोर सुनकर तमाम लोगों के मौके पर पहुंचने  के बाद आरोपी पति संजू जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने आरोप लगाते हुए कहा कि  शादी के समय दहेज में दिए गए स्त्री धन को भी पति संजू ने बेच दिया है।

Related Articles

Back to top button