दीवाली-छठ पर घर जाना हुआ मुश्किल स्पेशल ट्रेनों पर टिकीं उम्मीदें

झुमरीतिलैया (कोडरमा)। दिवाली और छठ पूजा की वजह से वीवीआइपी ट्रेन राजधानी से लेकर तमाम एक्सप्रेस व मेल ट्रेनों में आरक्षित सीटें फुल हो चुकी हैं। दिल्ली से कोडरमा, हजारीबाग रोड, पारसनाथ, गोमो और धनबाद होकर पश्चिम बंगाल और उडीसा जाने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही हैं।

ऐसे में, लोगों को अब तत्काल टिकट का ही सहारा है। धनबाद और रांची से खुलने वाली ट्रेनों में अब तक बोगी बढ़ाने की घोषणा नहीं हुई है। इसकी वजह से यात्रियों को त्योहार पर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

दिवाली 12 व छठ पूजा 17 नवंबर से शुरू
कोडरमा स्टेशन से लोग उतरकर हजारीबाग प्रमंडलीय क्षेत्र के हजारीबाग बरही, बरकाकाना, गिरिडीह तथा बिहार के नवादा तक जाते हैं। ऐसे में, दिवाली और छठ बाद झारखंड से वापस लौटने के लिए ट्रेन में टिकट मिलना असंभव हो जाता है।

इस बार दिवाली 12 नवंबर को व छठ पूजा 17 नवंबर से शुरू होगी। ऐसे में, 8 नवंबर के बाद की तारीखों के लिए दिल्ली-मुंबई से आने वाली ट्रेनों में वेटिंग चल रही है। दिवाली और छठ पर झारखंड आने वालों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

पूजा स्पेशल ट्रेनों पर टिकीं उम्मीदें
भुवनेश्वर राजधानी, रांची राजधानी एक्सप्रेस में एसी व स्लीपर में लंबी वेटिंग है। ऐसे में, पर्व में घर आने वालों की अब तत्काल व पूजा स्पेशल ट्रेनों पर उम्मीदें टिकी हुई हैं। दीपावली-छठ के समय में बिहार-झारखंड आने वाली ट्रेनों की बुकिंग शुरू होते ही लोग सीटें आरक्षित करा लेते हैं।

हालांकि, इनमें से बहुत सारे लोग अपरिहार्य कारणों से पर्व के समय घर न आने की स्थिति में बाद में टिकट रद्द करा देते हैं। इस कारण भी बुकिंग अधिक होती है और वेटिंग टिकट भी सामान्य की तुलना में अधिक कन्फर्म होती है। इस उम्मीद में भी लोग ट्रेनों के एसी व स्लीपर कोच के लिए अधिक वेटिंग ले लेते हैं।

पुरुषोत्तम एक्सप्रेस में नो रूम
दिवाली और छठ पूजा पर ट्रेनों में सीट नहीं मिल रही हैं। नई दिल्ली से कोडरमा होकर पुरी जाने वाली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस में भी 10 नवंबर एसी और स्लीपर क्लास में नो रूम है। 15 नवंबर तक 150 से 200 सौ से अधिक वेटिंग है।

इसी प्रकार, झारखंड एक्सप्रेस से भी कोडरमा झारखंड आना मुश्किल है। 10 नवंबर नो रूम और 12 नवंबर तक लंबी वेटिंग है। जोधपुर से हावड़ा जाने वाली जोधपुर -हावड़ा एक्सप्रेस में भी लंबी वेटिंग चल रही है। इसी प्रकार लंबी दूरी की दर्जनों ट्रेनों में हाल काफी खराब है।

8 नवंबर से मुंबई मेल समेत राजधानी में सीटें उपलब्ध नहीं
दिल्ली, मुंबई, कोलकाता महानगरों के अलावा गुजरात, राजस्थान, से आने वाली ट्रेनों में दीपावली पर्व को लेकर 8 नवंबर से सीटें उपलब्ध नहीं हैं। मुंबई मेल में 8 से 16 नवंबर तक स्लीपर क्लास में वेटिंग लिस्ट 250 से अधिक और सेकेंड व थर्ड एसी में 150 से 200 तक पहुंच गई है।

इसी प्रकार छह से 16 नवंबर तक जोधपुर व अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस में स्लीपर से सेकेंड एसी में वेटिंग है। अब यात्रियों के लिए पर्व त्योहार के साथ-साथ शादी विवाह को लेकर तत्काल ही एक सहारा बचा है।

Related Articles

Back to top button