साथियों संग बेतवा नदी नहाने गया किशोर डूबा, परिजनों में कोहराम

हमीरपुर : अपनी हमउम्र साथियों के साथ बेतवा नदी नहाने गए 16 वर्षीय किशोर की नदी की गहराई में डूबने से मौत हो गई। साथ गए साथियों की सूचना के बाद परिजन शाम को किशोर की खोजबीन करने नदी किनारे पहुंचे। कुछ देर की मशक्कत के बाद शव को नदी से निकाल लिया गया। शव बाहर आते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

शहर के पटकाना मोहल्ला निवासी वली अहमद ने अपने साले के पुत्र साहिल को बचपन में ही गोद ले लिया था। साहिल वैल्डिंग का काम सीख रहा था। गुरुवार को साप्ताहिक बंदी का दिन होने की वजह से साहिल अपनी हमउम्र साथियों के साथ बेतवा नदी नहाने चला गया। सिटी फॉरेस्ट में जहां बेतवा नदी में नए पुल का निर्माण हो रहा है, उसी तरफ साहिल और उसके साथी नदी में नहाने लगे। इसी दौरान साहिल नदी की गहराई में समा गया। साथ गए साथी भी उसे नहीं बचा पाए। साहिल के डूबने की सूचना मिलते ही परिजन घटना स्थल की और दौड़ पड़े। पुलिस को भी सूचना दी गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद साहिल के शव को नदी से बरामद कर लिया गया है। इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Related Articles

Back to top button