साथियों संग यमुना नदी गया मछुवारा संदिग्ध परिस्थितियों में डूबा, तलाश शुरू

हमीरपुर : चार दिन पूर्व दो साथियों के साथ यमुना नदी मछलियों का शिकार करने गया युवक संदिग्ध हालत में डूब गया। दोनों साथी मौके से निकल भागे। एक घर छोड़कर कानपुर निकल गया औ दूसरा यहां-वहां लुका-छिपा घूमता रहा। चार दिन से लापता युवक की तलाश में परिजन भी जुटे रहे। गुरुवार को साथी का सामना डूबे युवक के परिजनों से हुआ तो तब उसके डूबने का पता चला। सुबह से परिजन गोताखोरों की मदद से यमुना नदी को खंगालने में जुटे हुए हैं। पुलिस को भी घटना की सूचना दी गई है।
मेरापुर निवासी फगुनिया निषाद ने बताया कि बीते सोमवार को उसका पुत्र राजा दो पड़ोसी युवकों के साथ यमुना नदी मछलियों का शिकार करने गया था। लेकिन तब से लौटकर नहीं आया। अक्सर वह एक-दो दिन के लिए यहां-वहां चला जाता था, इसलिए ज्यादा फिक्र नहीं थी। लेकिन जब तीसरा दिन गुजरा और चारों तरफ जानकारी करने पर भी राजा का कुछ पता नहीं चला तो उसकी चिंता बढ़ी। उसके बाद से राजा की खोजबीन शुरू की गई। तब उन्हें हार खेत में काम करने वालों ने बताया कि राजा सोमवार को दो युवकों के साथ यमुना नदी में दिखा था, लेकिन वापसी में उक्त युवकों के साथ राजा नहीं था।
फगुनिया का कहना है कि राजा के साथ गए रवि से जब उसने पूछताछ की तो उसने टाल-मटोल किया। यहां-वहां लुका-छिपा घूमता रहा। लेकिन जब आज दबाव बनाकर पूछा तो उसने राजा के नदी में डूबने की जानकारी दी। यह बात सुन पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई। राजा के साथ गया तीसरा घटना वाले दिन से कानपुर चला गया था। जिससे फोन करके जानकारी लेने की कोशिश की जा रही है। गुरुवार की सुबह से फगुनिया अपने नाते-रिश्तेदारों और गोताखोरों की मदद से राजा की तलाश में यमुना नदी में खोजबीन में जुटा हुआ है। मेरापुर के सभासद राम कन्हैया का कहना है कि उसे जब वार्ड के युवक के डूबने की खबर हुई तो वह भी नदी किनारे पहुंच गया। फिलहाल लोग उसकी खोजबीन में नाव लेकर लगे हुए हैं। कोतवाल अनूप सिंह का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है। पुलिस को मौके पर भेजा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button