कानपुर सागर हाईवे पर चार वाहन भिड़े, छह घायल, एक की हालत नाजुक

हमीरपुर : कानपुर-सागर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार की सुबह डंपरों की टक्कर के बाद पीछे से आ रहे दो सवारी वाहन भी क्षतिग्रस्त डंपरों से टकरा गए। इस हादसे में छह लोग घायल हुए। जिसमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। गिट्टी से भरे डंपर के केबिन में फंसे चालक को मशक्कत के बाद बाहर सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। मौके पर 108 की तीन एंबुलेंस भी पहुंच गई।

सागर हाईवे पर थाना सुमेरपुर के नरायनपुर गांव के ढाबे के पास कबरई से गिट्टी लेकर जा रहे डंपर की सामने से आ रहे खाली डंपर से टक्कर हो गई। हादसा पैदल जा रहे राहगीर ईसूली गांव निवासी 30 वर्षीय पिंटू पुत्र रामप्रसाद को बचाने के चक्कर में हुआ। हालांकि पिंटू दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया है। इन दोनों डंपरों की टक्कर के बाद सुमेरपुर से सवारियां लेकर जा रही ईको कार और ऑटो भी पीछे से डंपर से टकरा गए। इन दोनों वाहनों में सवारियां भरी थी, लेकिन इक्का-दुक्का सवारियों को मामूली चोटे आई हैं। जबकि गिट्टी से लोड डंपर का चालक केबिन में फंस गया। जिसे मशक्कत के बाद सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। पिंटू सहित कुल छह लोग घायल हुए हैं। जिन्हें एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया है।

Related Articles

Back to top button