बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में एक ईंट भट्ठे की चिमनी फटकर गिरने से चार की मौत

कोलकाता। बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में एक ईंट भट्ठे की चिमनी फटकर गिरने से चार की मौत हो गई और 35 लोग घायल हो गए। घटना बुधवार रात धल्टिटाह गांव में उस वक्त हुई, जब ईंट भट्ठे के कर्मी चिमनी में आग जलाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान चिमनी का पूरा हिस्सा ढह गया, चिमनी गिरने की तेज आवाज के साथ एक जोरदार धमाका भी हुआ।

चिमनी की चपेट में आकर तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया, गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। हादसे में घायल 35 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, पांच की हालत गंभीर है।

हादसे में घायल होने वाले सभी ईंट भट्ठे के मजदूर
हादसे में घायल होने वाले सभी ईंट भट्ठे के मजदूर हैं। मृतकों में से अभी तीन की पहचान हुई है। इनमें से एक स्थानीय निवासी हफीजुल मंडल (34) हैं। दो अन्य उत्तर प्रदेश के अयोध्या (पूर्व में फैजाबाद) के निवासी राकेश कुमार (39) और जेठू राम हैं, यह दोनों प्रवासी श्रमिक के रूप में काम करने बंगाल आए थे। हादसे के बाद शुरुआती बचाव कार्य स्थानीय लोगों ने शुरू किया। फिर आसपास के थानों की पुलिस के अलावा राज्य सरकार की बचाव टीम भी पहुंची और बचाव कार्य गुरुवार सुबह तक जारी रहा।

पता चला है कि जो चिमनी ढही, वह काफी समय से बंद थी
पता चला है कि जो चिमनी ढही, वह काफी समय से बंद थी। गुरुवार सुबह फारेंसिक टीम मौके पर पहुंची और नमूने एकत्रित किए गए। इस बात की जांच की जा रही है कि क्या चिमनी और अन्य महत्वपूर्ण सामान के रखरखाव में खामियां थीं। स्थानीय लोगों की शिकायत रही है कि इलाके में कई ईंट भट्ठे अवैध रूप से चल रहे हैं, जहां श्रमिकों के लिए न्यूनतम सुरक्षा व्यवस्था भी नहीं की जा रही। इस वजह से इस तरह के हादसे होने के बाद मृतक और घायलों की संख्या बढ़ जाती है।

Related Articles

Back to top button